पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़:उज्ज्वल फायरिंग के आरोपी के पैर में लगी गोली, अवैध हथियार बरामद
करनाल में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ में फायरिंग आरोपी उज्ज्वल के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अवैध हथियार बरामद किया।
पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, पैर में लगी गोली
फायरिंग केस का आरोपी उज्ज्वल काबू
मौके से अवैध हथियार बरामद
हरियाणा के करनाल जिले में वीरवार शाम पुलिस और एक बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। मधुबन थाना क्षेत्र में आर्वधन नहर की पटरी पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, सीआईए-1 टीम को सूचना मिली थी कि कर्ण विहार में फायरिंग करने वाला आरोपी उज्ज्वल स्कूटी पर अपने गांव की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें गोली आरोपी की टांग में जा लगी। गोली लगते ही वह गिर गया और पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया।
घायल आरोपी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि उसकी हालत सामान्य होने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे फायरिंग और अन्य मामलों में पूछताछ की जा सके।
मौके से पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध हथियार भी बरामद किया है। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
Akhil Mahajan