OMG करनाल में फिल्मी सीन, पुलिसकर्मी बोनट पर लटका घुमाया! तेज रफ्तार कार चालक की हिमाकत
करनाल के सेक्टर-6 में एक नाबालिग चालक ने पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर उसे बोनट पर लटकाते हुए भागने की सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया, जो CCTV में कैद हुई।
➤ सेक्टर-6 चौक पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
➤ टक्कर के बाद पुलिसकर्मी को बोनट पर लटकाकर काफी दूर तक भागा चालक
➤ CCTV के आधार पर नाबालिग आरोपी काबू, बिना नंबर प्लेट की कार जब्त
हरियाणा के करनाल में शनिवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जिसने इलाके में दहशत फैला दी। सेक्टर-6 स्थित सरकारी कॉलेज चौक पर ड्यूटी दे रहे पुलिसकर्मी कुलबीर सिंह को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिसकर्मी सीधे कार के बोनट पर जा गिरे और खुद को बचाने के लिए वहीं पकड़कर लटक गए।
घटना के दौरान चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय और तेज कर दी और पुलिसकर्मी को कई मीटर तक बोनट पर लटकाकर दौड़ाता रहा। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत यह रही कि पुलिसकर्मी नीचे नहीं गिरे और उनकी जान बच गई।
बताया जा रहा है कि कार के शीशे काले थे और वह संदिग्ध हालत में गुजर रही थी। जब पुलिसकर्मी ने गाड़ी रोकने का इशारा किया तो चालक ने आदेश की अनदेखी करते हुए सीधे टक्कर मार दी। कुछ दूरी पर जाकर अचानक ब्रेक लगाने पर पुलिसकर्मी नीचे कूदते दिखाई दिए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने वाहन को रोकने की कोशिश जारी रखी।
पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी बोनट पर लटका हुआ है और चालक गाड़ी भगाता जा रहा है।
जांच अधिकारी निरंजन के अनुसार पुलिस टीम ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को ट्रेस कर लिया। जांच में सामने आया कि कार चला रहा युवक नाबालिग था और उसके साथ एक नाबालिग लड़की भी मौजूद थी। हैरानी की बात यह भी है कि कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी।
पुलिस ने सेक्टर-6 मार्केट में कार पर लगे स्टिकर के आधार पर उसकी पहचान की और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया है, जबकि कार को जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Akhil Mahajan