करनाल में डॉक्टर से पुलिस की कथित बदसलूकी, थप्पड़ मार जीप में बैठाया घरौंडा अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर को कॉलर पकड़कर ले गई पुलिस

करनाल के घरौंडा सरकारी अस्पताल में पुलिस द्वारा डॉक्टर से बदसलूकी का आरोप लगा है। डॉक्टर को कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारते हुए जीप में बैठाने का वीडियो सामने आया है, जिसके बाद डॉक्टर एसोसिएशन ने हड़ताल का ऐलान कर दिया।

करनाल में डॉक्टर से पुलिस की कथित बदसलूकी, थप्पड़ मार जीप में बैठाया  घरौंडा अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर को कॉलर पकड़कर ले गई पुलिस

हेडिंग: करनाल में डॉक्टर से पुलिस की कथित बदसलूकी: कॉलर पकड़कर थप्पड़ मार जीप में बैठाया, विरोध में डॉक्टरों की हड़ताल

घरौंडा अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर को पुलिस ने धक्का देकर बाहर निकाला
डॉक्टर को थप्पड़ मारकर जीप में बैठाने का आरोप, वीडियो भी आया सामने
डॉक्टर एसोसिएशन ने हड़ताल का ऐलान किया, SHO बोले- डॉक्टर ने दी थीं गालियां


हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा सरकारी अस्पताल में पुलिस और डॉक्टर के बीच विवाद ने बड़ा रूप ले लिया है। आरोप है कि थाना प्रभारी अपने स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंचे और वहां मौजूद मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रशांत के साथ बदसलूकी करते हुए उन्हें धक्का देकर बाहर ले आए। इस दौरान डॉक्टर को थप्पड़ मारने और कॉलर पकड़कर जबरन पुलिस जीप में बैठाने के भी आरोप लगाए गए हैं।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी डॉक्टर को धक्का देते हुए अस्पताल परिसर से बाहर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद अस्पताल स्टाफ में भारी रोष है और डॉक्टर एसोसिएशन ने विरोध में हड़ताल का ऐलान कर दिया है।

अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों के अनुसार पूरा विवाद मेडिकल लीगल केस (MLC) के लिए आए कुछ मरीजों से शुरू हुआ। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर प्रशांत के साथ उन मरीजों ने कथित तौर पर गलत व्यवहार किया। स्थिति बिगड़ती देख डॉक्टर ने पुलिस को फोन कर सहायता मांगी।

स्टाफ का कहना है कि फोन पर बातचीत के दौरान पुलिस की ओर से कहा गया कि “हम तुम्हारे लिए ही थोड़े बैठे हैं”। कर्मचारियों का दावा है कि उनके सामने डॉक्टर की तरफ से किसी प्रकार की गाली-गलौच नहीं की गई थी।

बताया गया कि इसके बाद घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि जैसे ही डॉक्टर प्रशांत सामने आए, SHO ने उनका कॉलर पकड़ लिया और उन्हें जबरन बाहर की ओर ले गए। स्टाफ का यह भी कहना है कि डॉक्टर को थप्पड़ मारे गए और उन्हें पुलिस जीप में बैठाकर थाने ले जाया गया।

अस्पताल कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने डॉक्टर को रोकने और मामले को शांत करने की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। कुछ कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे और उन्होंने मांग की कि संबंधित पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया जाए।

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में थाना प्रभारी डॉक्टर को गाड़ी में बैठाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “तेरी गाली खाने के लिए बैठे हैं क्या हम”। वीडियो में डॉक्टर पहले गाड़ी में बैठने से मना करते दिखाई देते हैं, लेकिन बाद में उन्हें जबरन जीप में बैठा दिया जाता है।

इस घटना के बाद डॉक्टर एसोसिएशन पीड़ित मेडिकल ऑफिसर के समर्थन में उतर आई है। एसोसिएशन ने पूरे जिले में हड़ताल का ऐलान करते हुए थाना प्रभारी और संबंधित पुलिसकर्मियों को सस्पेंड और गिरफ्तार करने की मांग की है। अस्पताल स्टाफ का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक विरोध जारी रहेगा।

उधर, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. मुनेश गोयल ने बताया कि डॉक्टर के साथ बदसलूकी का मामला उनके संज्ञान में आया है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर पुलिस के व्यवहार को लेकर पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत भेजी जाएगी।

वहीं दूसरी तरफ घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने आरोपों को अलग तरह से पेश किया है। उनका कहना है कि डॉक्टर ने फोन पर उनके साथ गाली-गलौच और बदतमीजी की थी। SHO के मुताबिक बाद में डॉक्टर की ओर से इस मामले में लिखित माफी भी दी गई है। फिलहाल मामला तूल पकड़ चुका है और पुलिस तथा डॉक्टरों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।