करनाल में पुलिस की बाइक सवार बदमाश से हुई मुठभेड़, टांग में लगी गोली

करनाल के तरावड़ी क्षेत्र में पेट्रोल पंप लूट की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया।

करनाल में पुलिस की बाइक सवार बदमाश से हुई मुठभेड़, टांग में लगी गोली

करनाल में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, आरोपी घायल

पेट्रोल पंप लूट की कोशिश करने वाले आरोपी के कुल्हे में लगी गोली

पुलिस ने पिस्टल और बिना नंबर बाइक बरामद की


हरियाणा के करनाल में पुलिस और बदमाश के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। तरावड़ी क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान पकड़ लिया। मुठभेड़ मेरठ रोड स्थित आवर्धन नहर के पास हुई, जहां आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

मौके से बरामद करती पुलिस आरोपी क पिस्टल व बाईक।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के कुल्हे के पास गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया और इलाज के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एनकाउंटर के बाद मौके पर पड़ी आरोपी की बाइक व पिस्टल।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान पंजाब के खरड़ गांव निवासी गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। CIA-1 इंचार्ज संदीप कुमार अपनी टीम के साथ गुप्त सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचे थे। पुलिस को देखते ही आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर भागने लगा।

पुलिस ने आरोपी को रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।

इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उससे पूछताछ कर अन्य मामलों का खुलासा किया जा सके।

एनकाउंटर के बाद मौके पर मौजूद पुलिस की टीमें।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पर पहले से ही 5 से 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को शक है कि वह किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

दरअसल, यह पूरा मामला 2 मई की सुबह का है। करीब 4:25 बजे आरोपी काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार होकर तरावड़ी स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर पहुंचा था। उसने पहले 100 रुपए का पेट्रोल डलवाया और पैसे भी दे दिए।

इसके बाद आरोपी ने सेल्समैन पर पिस्टल तानकर कैश लूटने की कोशिश की। लेकिन पेट्रोल पंप कर्मचारी सुरेश कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की पिस्टल पर हाथ मार दिया और शोर मचा दिया। आवाज सुनकर दूसरा कर्मचारी नरेश कुमार भी मौके पर पहुंच गया। दोनों कर्मचारियों ने मिलकर आरोपी का विरोध किया, जिसके बाद वह मौके से भाग निकला था।

अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।