करनाल में रोडवेज बस ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौ*त
करनाल के घरौंडा में हरियाणा रोडवेज बस ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई। चालक फरार है।
- करनाल के घरौंडा में रोडवेज बस ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला
- पीछे से टक्कर के बाद बस का पिछला पहिया दोनों पर चढ़ा
- हादसे के बाद बस चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। फायर ब्रिगेड कार्यालय के सामने हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे एक बाइक पर सवार दो युवक करनाल से पानीपत की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे घरौंडा में फायर ब्रिगेड ऑफिस के सामने पहुंचे, तभी रोहतक डिपो की हरियाणा रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। सड़क पर गिरते ही बस की चपेट में आ गए और बस का पिछला पहिया दोनों युवकों के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बस करीब 100 मीटर आगे जाकर रुकी। इसके बाद बस चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। बस सड़क पर खड़ी होने के कारण सर्विस रोड पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर करनाल स्थित कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक युवक उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बताए जा रहे हैं, हालांकि अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
जांच अधिकारी उमेश ने बताया कि हरियाणा रोडवेज की बस को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
Author1