हिमाचल में मानसून का कहर: दो दिन में 11 मौतें, NH-5 पर बाढ़ का कहर, मलबे में दबी गाड़ियां

किन्नौर में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ से NH-5 बंद हो गया। कई वाहन मलबे में फंस गए। हिमाचल में दो दिन की बारिश से 11 लोगों की मौत और 50 सड़कें बाधित हैं।

हिमाचल में  मानसून का कहर: दो दिन में 11 मौतें,  NH-5 पर बाढ़ का कहर, मलबे में दबी गाड़ियां

भारी बारिश के बाद चोलिंग के पास अचानक आई बाढ़ से NH-5 पूरी तरह बंद

मलबे और दलदल में कई वाहन फंसे, राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी

दो दिन में हिमाचल में 11 मौतें, 50 सड़कें अब भी बाधित


हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मानसून ने एक बार फिर भारी तबाही मचाई है। वीरवार रात चोलिंग के निकट हुई तेज बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ से राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। बाढ़ के साथ आए भारी मलबे और दलदल ने सड़क को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई वाहन उसमें फंस गए और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जानी नुकसान की सूचना नहीं है। घटना के तुरंत बाद प्रशासन, पुलिस और संबंधित एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा हालात का जायजा लिया। प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

प्रशासन ने सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए जेसीबी और अन्य भारी मशीनरी तैनात कर दी है। सड़क पर जमा मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य रहने पर जल्द ही यातायात बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क संबंधी आधिकारिक अपडेट अवश्य प्राप्त करें। संवेदनशील और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पूरी सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है।

लगातार हो रही मानसून की बारिश का असर पूरे हिमाचल प्रदेश में देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों में बारिश से जुड़े हादसों में 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि राज्यभर में 50 सड़कें अब भी बाधित हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित इलाकों में राहत एवं बहाली का कार्य जारी है।