DDA की पोस्टिंग 2 दिन में बदली ,राजबीर सिंह हेडक्वार्टर अटैच, विनोद फोगाट को चार्ज

सिरसा में DDA राजबीर सिंह की पोस्टिंग चार्ज संभालने के दो दिन बाद बदल दी गई। उन्हें हेडक्वार्टर अटैच किया गया, जबकि विनोद फोगाट को अतिरिक्त चार्ज मिला।

DDA की पोस्टिंग 2 दिन में बदली ,राजबीर सिंह हेडक्वार्टर अटैच, विनोद फोगाट को चार्ज

सिरसा में DDA राजबीर सिंह की पोस्टिंग महज दो दिन में बदली, हेडक्वार्टर अटैच किया गया
हिसार से ट्रांसफर होकर आए थे राजबीर सिंह, डीडीए सुखबीर सिंह को अंबाला भेजा गया
सिरसा डीडीए का अतिरिक्त चार्ज फतेहाबाद के विनोद फोगाट को, विभागीय कामकाज प्रभावित होने की आशंका

सिरसा। सिरसा के कृषि विभाग में डीडीए की पोस्टिंग को लेकर महज दो दिन में बड़ा फेरबदल हो गया। नए उप निदेशक कृषि (डीडीए) राजबीर सिंह को सिरसा में चार्ज संभालने के दो दिन बाद ही हेडक्वार्टर अटैच कर दिया गया है। राजबीर सिंह हिसार से ट्रांसफर होकर सिरसा आए थे और उन्होंने यहां डीडीए का कार्यभार संभाला था। इसके बाद अचानक उनके नए ट्रांसफर ऑर्डर जारी हो गए।

इससे पहले हुए ट्रांसफर आदेशों में सिरसा के तत्कालीन डीडीए सुखबीर सिंह को अंबाला भेजा गया था। वहीं हिसार से राजबीर सिंह को सिरसा लाया गया था। अब राजबीर सिंह को हेडक्वार्टर अटैच किए जाने के बाद सिरसा डीडीए के पद पर किसी नए अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है।

फिलहाल फतेहाबाद के डीडीए विनोद फोगाट को सिरसा का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। ऐसे में अब विनोद फोगाट को सप्ताह में कभी फतेहाबाद तो कभी सिरसा का कार्यभार संभालना पड़ेगा। इससे विभागीय कामकाज प्रभावित होने और फाइलों व अन्य कार्यों में लेटलतीफी की आशंका जताई जा रही है।

सिरसा के जिला कृषि कार्यालय में अक्सर किसान अपनी समस्याएं और विभागीय कार्यों को लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में डीडीए के नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहने से किसानों को भी परेशानी हो सकती है।

दो दिन बाद ही बदली पोस्टिंग, विभाग में चर्चा तेज

जानकारी के अनुसार, सरकार एवं कृषि विभाग की ओर से करीब एक सप्ताह पहले करीब 18 डीडीए के ट्रांसफर किए गए थे। इन आदेशों के तहत हिसार के डीडीए राजबीर सिंह को सिरसा और सिरसा के डीडीए सुखबीर सिंह को अंबाला भेजा गया था।

ट्रांसफर के बाद राजबीर सिंह ने सिरसा पहुंचकर डीडीए का चार्ज संभाल लिया। हालांकि, अभी उन्हें सिरसा में काम संभाले महज दो दिन ही हुए थे कि अचानक उनका ट्रांसफर कर दिया गया और उन्हें हेडक्वार्टर अटैच कर दिया गया।

डीडीए की पोस्टिंग इतनी जल्दी बदलने को लेकर कृषि विभाग में भी चर्चा है। विभागीय स्तर पर इसे लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं, लेकिन अभी तक विभाग की ओर से इस अचानक हुए बदलाव की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

सिरसा पहले से ही कॉटन व खेती के मामले में पिछड़ रहा है। ऐसे में कृषि विभाग के जिला स्तर के प्रमुख पद पर नियमित अधिकारी की नियुक्ति नहीं होने से किसानों से जुड़े काम प्रभावित होने की चिंता भी सामने आ रही है।

एक साल बाद रिटायर होने वाले सुखबीर सिंह को अंबाला भेजा

सिरसा के तत्कालीन डीडीए सुखबीर सिंह की अगले साल रिटायरमेंट होनी है। वह सिरसा के ही रहने वाले हैं और उनकी रेगुलर सेवाओं के अब करीब 11 माह ही बचे हैं।

ऐसे में सेवा के अंतिम समय में भी उन्हें सिरसा में नहीं रहने दिया गया और उनका तबादला काफी दूर अंबाला कर दिया गया। सुखबीर सिंह सिरसा वापसी के लिए प्रयासरत हैं, ताकि उनकी रिटायरमेंट भी यहीं से हो सके।

बताया गया है कि सिरसा में उनका अफसरों और कर्मचारियों के साथ अच्छा लगाव था। ऐसे में उनके तबादले को लेकर भी विभागीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है।

सिरसा डीडीए का चार्ज विनोद फोगाट के पास

राजबीर सिंह को हेडक्वार्टर अटैच किए जाने के बाद सिरसा डीडीए का अतिरिक्त कार्यभार फतेहाबाद के डीडीए विनोद फोगाट को सौंपा गया है। अब उन्हें दोनों जिलों का काम देखना होगा।

फतेहाबाद और सिरसा दोनों जगहों की जिम्मेदारी होने के कारण उन्हें सप्ताह में अलग-अलग दिनों में दोनों जिलों के कार्यालयों में समय देना पड़ेगा। इससे अधिकारियों से मिलने वाले किसानों और विभागीय कामकाज पर असर पड़ने की संभावना है।

राजबीर बोले- हेडक्वार्टर में ड्यूटी लगा दी गई

सिरसा के डीडीए पद पर महज दो दिन कार्यभार संभालने वाले राजबीर सिंह ने बताया कि उनकी ड्यूटी हेडक्वार्टर लगा दी गई है। सिरसा का चार्ज उनके पास दो दिन तक रहा था। विभाग की ओर से अब जो जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे वह निभाएंगे।

वहीं, डीडीए सुखबीर सिंह ने बताया कि अब उनके पास अंबाला का चार्ज है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जहां ड्यूटी लगाई जाएगी, वहां जिम्मेदारी से निभाने की कोशिश की जाती है।