BCCI के आदेश पर शाहरूख खां की टीम से मुस्तफिजुर रहमान को निकाला

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा के बीच BCCI के निर्देश पर KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर किया, IPL 2026 से पहले बड़ा फैसला।

BCCI के आदेश पर शाहरूख खां की टीम से मुस्तफिजुर रहमान को निकाला
  • BCCI के निर्देश पर KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर किया
  • बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा के बीच IPL में खेलने का हो रहा था विरोध
  • KKR को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी लेने की अनुमति, जल्द होगा ऐलान


कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया है। यह फैसला BCCI के निर्देश के बाद लिया गया है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा के बीच मुस्तफिजुर के IPL में खेलने को लेकर देशभर में विरोध तेज हो गया था।

KKR ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर कहा कि BCCI के निर्देश, सभी जरूरी प्रक्रियाओं और आपसी परामर्श के बाद मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किया गया है। फ्रेंचाइजी ने यह भी स्पष्ट किया कि IPL नियमों के तहत रिप्लेसमेंट खिलाड़ी लेने की अनुमति मिल चुकी है। इससे जुड़ी जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए बोर्ड ने KKR को यह निर्देश दिया था। उन्होंने साफ किया कि यदि फ्रेंचाइजी चाहे तो रिप्लेसमेंट खिलाड़ी शामिल कर सकती है।

बांग्लादेश में बीते 14 दिनों में चार हिंदुओं की हत्या की खबरों के बीच रहमान के IPL खेलने का विरोध लगातार बढ़ता गया। कई राजनीतिक और धार्मिक नेताओं ने KKR प्रबंधन और टीम मालिक शाहरुख खान से रहमान को हटाने की मांग की थी।

शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा था कि जब पूरा देश बांग्लादेश की घटनाओं को लेकर आक्रोशित है, ऐसे में बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम में रखना गलत संदेश देता है। वहीं शिवसेना यूबीटी प्रवक्ता आनंद दुबे ने भारतीय धरती पर बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खेलने की अनुमति न देने की बात कही थी।

कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर, धीरेंद्र शास्त्री और जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने भी मुस्तफिजुर को टीम से हटाने की मांग की थी। भाजपा नेता संगीत सोम ने इस मुद्दे को देश और आस्था से जोड़ते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी थी।

KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को पिछले महीने IPL मिनी ऑक्शन में 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। वे IPL इतिहास के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी बने थे। पिछले सीजन में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए तीन मैच खेले थे और चार विकेट झटके थे।

मुस्तफिजुर रहमान बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और अपनी स्लोअर गेंदों और कटर के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 2015 में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था और उसी सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे।

IPL 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा।