OMG: दफ्तर से चेयरमैन ने चुरा ली उपाध्यक्ष की कुर्सी ! अब पुलिस छेड़ेगी सर्च अभियान
नारनौल में पंचायत समिति की कुर्सी को लेकर विवाद गहराया। उपाध्यक्ष ने चेयरमैन पर कुर्सी चोरी का आरोप लगाया, CCTV फुटेज सामने आया। चेयरमैन बोले— कुर्सी टूटी थी, रिपेयर के लिए ले गया था। मामला अब पुलिस जांच में।
➤ नारनौल में पंचायत की कुर्सी पर जंग
➤ चेयरमैन बोले— चोरी नहीं, रिपेयर थी जरूरत
➤ उपाध्यक्ष बोलीं— CCTV देखिए, कुर्सी अपने पैरों पर नहीं गई थी
पंचायत समिति का दफ्तर है, जहां नीतियां बनती हैं, फैसले होते हैं — लेकिन इस बार यहां चर्चा किसी योजना की नहीं, एक कुर्सी की हो रही है। जी हां, वही कुर्सी जिस पर बैठकर उपाध्यक्ष बैठती थीं, अब वही कुर्सी पंचायत राजनीति की सबसे बड़ी सुर्खी बन गई है।
मामला कुछ यूं है कि चेयरमैन पंकज यादव पर उपाध्यक्ष पूनम देवी की कुर्सी “चुराने” का आरोप लगा है। CCTV फुटेज में चेयरमैन और एक ठेकेदार कुर्सी को गाड़ी में डालते दिखे, जिसके बाद पूरे कार्यालय में खामोशी छा गई — और सोशल मीडिया पर “कुर्सी पर कब्जे” की चर्चाएं तेज हो गईं।
उपाध्यक्ष पूनम देवी ने पुलिस में शिकायत दी है। उनका कहना है कि 24 अक्टूबर को उनके पति जब कार्यालय गए, तो उनकी कुर्सी गायब मिली। कर्मचारियों से पूछा गया तो सबने वही जवाब दिया जो ऐसे मामलों में दिया जाता है — “हमें कुछ नहीं पता।” फिर CCTV देखा गया, और कहानी साफ हो गई।
चेयरमैन का जवाब भी उतना ही दिलचस्प था। उन्होंने कहा — “कुर्सी टूटी थी, गद्दी फट गई थी, इसलिए रिपेयर के लिए ले गया था।” अब सवाल ये उठ रहा है कि क्या कुर्सी रिपेयर सेंटर में ठीक होगी या राजनीति के अखाड़े में और टूटेगी।
पंचायत समिति की संपत्ति को लेकर यह पूरा मामला अब पुलिस के पास है। अधिकारियों ने कहा है कि CCTV की जांच चल रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ कुर्सी की नहीं, कुर्सी की ताकत की लड़ाई है — जो गांव की गलियों से अब थाने तक पहुंच गई है।
Author1