नारनौल में क्रेशर संचालक ने सल्फास खाकर दी जान

नारनौल में क्रेशर संचालक हरीश शर्मा ने कार में सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले बनाए वीडियो में उन्होंने आर्थिक दबाव और एक व्यक्ति को जिम्मेदार बताया।

नारनौल में क्रेशर संचालक ने सल्फास खाकर दी जान

नारनौल में क्रेशर संचालक ने कार में सल्फास खाकर दी जान

सुसाइड से पहले 5 मिनट 40 सेकेंड का वीडियो बनाया

वीडियो में ‘बाऊजी’ को ठहराया मौत का जिम्मेदार

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में एक क्रेशर संचालक द्वारा कार में सल्फास खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजस्थान के सीकर निवासी हरीश शर्मा के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से नारनौल के सेक्टर-1 में रह रहा था।

मृतक हरीश शर्मा द्वारा सुसाइड करने से पहले बनाया गया वीडियो। - Dainik Bhaskar

बताया जा रहा है कि हरीश शर्मा क्रेशर कारोबार से जुड़े हुए थे और राजस्थान के नीमकाथाना जिले के गौरीर दूधवा क्षेत्र में भी उनकी पार्टनरशिप में क्रेशर संचालित हो रहे थे।

जानकारी के अनुसार हरीश शर्मा ने राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर गांव काठूवास के पास अपनी गाड़ी में सल्फास की गोलियां खा लीं। आत्महत्या करने से पहले उन्होंने करीब 5 मिनट 40 सेकेंड का एक वीडियो बनाया।

वीडियो में हरीश शर्मा ने एक व्यक्ति, जिसे उन्होंने ‘बाऊजी’ कहकर संबोधित किया, को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने मोटे ब्याज पर पैसे लिए थे और इसी आर्थिक दबाव के कारण वह परेशान चल रहे थे।

सुसाइड से पहले हरीश शर्मा ने यह वीडियो अपने बेटे, पत्नी और कुछ अन्य परिचितों को भेज दिया। वीडियो देखने के बाद परिजन उनसे संपर्क करते हुए बताई गई लोकेशन पर पहुंचे।

परिजन उन्हें तुरंत नारनौल के एक निजी अस्पताल लेकर आए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

इसके बाद परिवार के सदस्य उन्हें इलाज के लिए जयपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में जयपुर से करीब 50 किलोमीटर पहले उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इस पर उन्हें एक निजी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए राजस्थान के सीकर ले जाया गया। घटना के बाद नारनौल और सीकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

बताया जा रहा है कि मृतक राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma का दूर का रिश्तेदार था। हालांकि परिवार की ओर से इस मामले में अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

फिलहाल मामले को लेकर पुलिस और संबंधित एजेंसियां आगे की जांच में जुटी हुई हैं।