नोएडा-फैक्ट्री कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन, 10 गाड़ियों में आग-तोड़फोड़:दफ्तरों पर पत्थर फेंके, पुलिस से झड़प; DGP बोले- एक्शन लेंगे

नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन हिंसक हो गया, गाड़ियों में आग और पुलिस से झड़प के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

नोएडा-फैक्ट्री कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन, 10 गाड़ियों में आग-तोड़फोड़:दफ्तरों पर पत्थर फेंके, पुलिस से झड़प; DGP बोले- एक्शन लेंगे

नोएडा में मजदूरों का प्रदर्शन हिंसक बना
10 गाड़ियों में आग, पुलिस पर पथराव और झड़प
डीजीपी राजीव कृष्ण बोले- दोषियों पर होगा सख्त एक्शन


उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार सुबह फैक्ट्री कर्मचारियों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से चल रहा विरोध उस समय बेकाबू हो गया, जब कर्मचारियों की सुनवाई नहीं हुई। गुस्साए कर्मचारी फेज-2 इंडस्ट्रियल एरिया में सड़कों पर उतर आए और जमकर पथराव किया।

नोएडा के फेज-2 में मदरसन कंपनी के बाहर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी हिंसक हो गए।

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों और बसों में आग लगा दी। पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने पुलिस वाहन पलट दिया और उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस और कर्मचारियों के बीच तीखी झड़प हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सैलरी बढ़ाने की मांग कर रहे कर्मचारियों ने गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए, पथराव किया।

हिंसा धीरे-धीरे सेक्टर 1, 15, 62 और DND फ्लाईओवर तक फैल गई। कर्मचारियों ने कई जगह सड़क जाम कर दी और कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी की। सेक्टर 40 और 60 में कंपनियों का घेराव किया गया, जबकि सेक्टर 85 में कर्मचारियों ने जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। पुलिस द्वारा रोकने पर वहां भी पथराव हुआ। सेक्टर 57 में एक फैक्ट्री में तोड़फोड़ की गई।श्

गुस्साए कर्मचारियों ने पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। उसे पलट दिया।

हालात काबू से बाहर होते देख प्रशासन ने PAC (प्रांतीय सशस्त्र बल) को मौके पर तैनात कर दिया। कई थानों की पुलिस फोर्स बुलाकर पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई। उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए

कर्मचारियों ने पुलिस बल पर पत्थरबाजी की। काफी मशक्कत के बाद भीड़ को काबू किया जा सका।

इस पूरे घटनाक्रम पर डीजीपी राजीव कृष्ण और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश कंट्रोल रूम से नजर बनाए हुए हैं। डीजीपी ने साफ कहा है कि अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी

गुस्साए लोगों को काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।

प्रशासन की ओर से कर्मचारियों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। डीएम मेधा रूपम ने बताया कि कंपनियों के साथ बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं। इनमें समय पर वेतन भुगतान, वेतन पर्ची अनिवार्य करना और कार्यस्थल पर शिकायत प्रणाली मजबूत करना शामिल है।