सुहागरात में कहासुनी के बाद साइंस टीचर पति ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

पलवल में शादी के अगले दिन साइंस टीचर ओमप्रकाश ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। परिवार ने पत्नी समेत पांच लोगों पर मानसिक प्रताड़ना और उकसाने के आरोप लगाए हैं।

सुहागरात में कहासुनी के बाद साइंस टीचर पति ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

➤ पलवल में शादी के अगले दिन युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी

➤ सुहागरात पर पत्नी से विवाद के बाद मानसिक तनाव में था युवक

➤ GRP ने पत्नी समेत 5 लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया


हरियाणा के पलवल जिले में शादी के अगले ही दिन एक युवक की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। युवक ने कथित तौर पर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। परिवार का आरोप है कि सुहागरात पर पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद कुछ लोगों ने युवक को फोन कर धमकाया। इससे वह मानसिक तनाव में आ गया था।

मामले में राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) फरीदाबाद ने मृतक के भाई की शिकायत पर युवक की पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान पलवल के गांव वली मोहम्मदपुर उर्फ लहरपुर निवासी 24 वर्षीय ओमप्रकाश के रूप में हुई है। ओमप्रकाश पलवल के एक निजी स्कूल में साइंस टीचर था।

मृतक के भाई जयभगवान ने बताया कि ओमप्रकाश की शादी 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के शेरगढ़ निवासी भूमिका के साथ हुई थी। यह अरेंज मैरिज थी और दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता तय हुआ था। 30 अप्रैल को दुल्हन की विदाई हुई और परिवार उसे लेकर घर पहुंचा।

परिवार के अनुसार शादी की पहली रात यानी सुहागरात पर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। घर की महिलाओं ने कमरे से तेज आवाजें और झगड़े जैसी बातें सुनी थीं। हालांकि उस समय परिवार ने इसे सामान्य विवाद मानकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।

जयभगवान का आरोप है कि अगले दिन सुबह करीब 7 बजे के बाद ओमप्रकाश के मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से लगातार फोन आने लगे। फोन करने वालों में अजय निषाद, संजीव, नारायण सिंह और वेदराम नाम के युवक शामिल थे। आरोप है कि ये लोग ओमप्रकाश को धमका रहे थे। इनमें से एक युवक दुल्हन के मामा का बेटा बताया गया है।

परिवार का कहना है कि लगातार फोन कॉल और तनाव के कारण ओमप्रकाश काफी परेशान हो गया था। इसके बाद वह घर से बिना बताए निकल गया और होडल रेलवे स्टेशन के पास पहुंच गया, जहां उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।

घटना की सूचना मिलने के बाद GRP पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर पत्नी और चार अन्य युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कॉल डिटेल समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।