हरियाणा में 1 करोड़ की हेरोइन के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार,हिमाचल से चला रहा था ड्रग नेटवर्क
पंचकूला पुलिस ने 311 ग्राम हेरोइन के साथ कैथल निवासी अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस अब पूरे ड्रग नेटवर्क की जांच करेगी।
पंचकूला में 311 ग्राम हेरोइन के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
बरामद हेरोइन की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई
हिमाचल से चला रहा था नेटवर्क, सप्लाई देने पहुंचा तो दबोचा गया
पंचकूला जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल (ANC) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये की 311 ग्राम हेरोइन के साथ एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुकेश कुमार (33) पुत्र पाला राम निवासी गांव मटौर, थाना कलायत, जिला कैथल के रूप में हुई है। वह वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित भुड़ बैरियर के पास किराए के कमरे में रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पंचकूला और आसपास के इलाकों में लंबे समय से हेरोइन की सप्लाई कर रहा था। उसकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर थी और गुप्त सूचना के आधार पर उसे रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई।
पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल को सूचना मिली थी कि आरोपी चंडीमंदिर स्थित साकेत अस्पताल के पास फ्लाईओवर के नीचे किसी ग्राहक को हेरोइन की खेप देने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत रेडिंग पार्टी का गठन किया और टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंच गई।
शाम करीब 5:15 बजे लाल और काले रंग की बाइक पर एक युवक टोल प्लाजा की ओर से आता दिखाई दिया। मौके पर मौजूद मुखबिर ने उसकी पहचान मुकेश कुमार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की बाईं जेब से पारदर्शी पॉलिथीन में रखा हल्के भूरे रंग का डलीनुमा और पाउडरनुमा पदार्थ बरामद हुआ। जांच में यह हेरोइन निकली। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर पॉलिथीन सहित इसका कुल वजन 311 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही हेरोइन को सील कर कब्जे में ले लिया।
ANC टीम के एएसआई परविंद्र सिंह की शिकायत पर थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर संजीव कर रहे हैं।
जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी है। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर पूरे ड्रग सप्लाई नेटवर्क, उसके संपर्कों और हेरोइन की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
pooja