पानीपत ब्लॉक समिति में वाइस चेयरपर्सन के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव की निकली हवा!

पानीपत ब्लॉक समिति में वाइस चेयरपर्सन अमिता के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के बीच 7 सदस्यों ने शपथ पत्र देकर उनका समर्थन किया। नए समीकरणों के बाद अमिता बहुमत के करीब पहुंच गई हैं।

पानीपत ब्लॉक समिति में वाइस चेयरपर्सन के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव की निकली हवा!

पानीपत ब्लॉक समिति में अविश्वास प्रस्ताव पर बड़ा सियासी मोड़
वाइस चेयरपर्सन अमिता के समर्थन में 7 सदस्यों ने DC को शपथ पत्र दिया
समीकरण बदले, अब अमिता के पक्ष में 17 सदस्य, बहुमत के करीब पहुंचीं


हरियाणा के पानीपत में ब्लॉक समिति में शुक्रवार वाइस चेयरपर्सन अमिता के खिलाफ चल रही अविश्वास प्रस्ताव की हवा निकलती नजर आई।  उनके पक्ष में 7 सदस्यों ने जिला उपायुक्त (DC) को शपथ पत्र सौंपकर अपना समर्थन जता दिया। इस घटनाक्रम के बाद ब्लॉक समिति में सियासी समीकरण तेजी से बदल गए हैं और विरोधियों द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव अब कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है।

दरअसल, ब्लॉक समिति के अध्यक्ष दीपक राणा की हार्ट अटैक से हुई आकस्मिक मृत्यु के बाद समिति की राजनीति में हलचल तेज हो गई थी। इसके बाद वाइस चेयरपर्सन के खिलाफ असंतोष जताते हुए 28 में से 19 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। उस समय यह माना जा रहा था कि प्रस्ताव आसानी से पारित हो सकता है, लेकिन शुक्रवार को हुए घटनाक्रम ने पूरी स्थिति बदल दी।

नाराजगी दूर होने के बाद बदला रुख

अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने वाले 19 सदस्यों में से 7 सदस्य अब वापस वाइस चेयरपर्सन अमिता के समर्थन में आ गए हैं। इन सदस्यों ने उपायुक्त को शपथ पत्र देकर कहा कि उन्होंने पहले किसी बहकावे या अस्थायी नाराजगी के कारण अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन किया था। अब वे अमिता के कामकाज और नेतृत्व से संतुष्ट हैं और उनके साथ खड़े रहेंगे।

बदले समीकरण, अमिता बहुमत के करीब


सदस्यों के पाला बदलने के बाद ब्लॉक समिति का पूरा गणित बदल गया है।

कुल सदस्य: 28
पहले अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में: 19
अब समर्थन में लौटे सदस्य: 7
वाइस चेयरपर्सन के पक्ष में कुल सदस्य: 17

इस नए आंकड़े के बाद वाइस चेयरपर्सन अमिता बहुमत के बेहद करीब पहुंच गई हैं। इससे विरोधियों की रणनीति को बड़ा झटका लगा है और अविश्वास प्रस्ताव की स्थिति अब अनिश्चित हो गई है।

इन सदस्यों ने दिया समर्थन


जिन सात सदस्यों ने शपथ पत्र देकर अमिता का समर्थन किया है, उनमें अनिल कुमार (गांव कुटानी), रविंदर (गांव निंबरी), पूजा रानी (गांव राजाखेड़ी), बिजेंद्र (गांव बाबरपुर), अनिल कुमार (गांव उग्राखेड़ी), जयकरण (गांव महमूदपुर) और सीमा (गांव बबैल) शामिल हैं। इन सभी ने प्रशासन के समक्ष अपना समर्थन स्पष्ट करते हुए कहा कि वे अब वाइस चेयरपर्सन के साथ हैं।

प्रशासन ने DDPO को सौंपी जांच


जिला उपायुक्त ने सदस्यों द्वारा दिए गए शपथ पत्र को स्वीकार करते हुए पूरे मामले की जांच और आगामी कार्रवाई की जिम्मेदारी डीडीपीओ (DDPO) को सौंप दी है। प्रशासनिक स्तर पर अब इस मामले की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इस दौरान मार्केट कमेटी पानीपत के चेयरपर्सन अवतार शास्त्री भी मौजूद रहे। उन्होंने सदस्यों के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि समिति में स्थिरता बनी रहना जरूरी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पानीपत ब्लॉक समिति में हुआ यह घटनाक्रम आने वाले दिनों में स्थानीय राजनीति की दिशा तय कर सकता है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अविश्वास प्रस्ताव का अंतिम परिणाम क्या होता है और समिति में आगे क्या सियासी समीकरण बनते हैं