टोल प्लाजा पर खंभे से टकराई हरियाणा रोडवेज की बस, बच्चों समेत 15 घायल
पानीपत डाहर टोल प्लाजा के पास हरियाणा रोडवेज की बस बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में 15 यात्री घायल हुए, जिन्हें एनसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
➤ पानीपत डाहर टोल प्लाजा के पास हरियाणा रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त, बिजली के खंभे से टकराई
➤ हादसे में 15 यात्री घायल, एनसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर इलाज जारी
➤ तेज रफ्तार और ड्राइवर के नियंत्रण खोने से हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के पानीपत जिले में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। हरियाणा रोडवेज की रोहतक डिपो की बस (नंबर HR65GB8436) डाहर टोल प्लाजा के नजदीक अचानक बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे के दौरान बस डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे बस में बैठी सवारियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
टक्कर लगते ही यात्री घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग और टोल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद एनसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
हादसे में कुल 15 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों की पहचान नायरा (2 वर्ष, पुत्री देवेंद्र कुमार), सतवंती (पत्नी कृष्ण कुमार), अनु (पत्नी साहिल), बेबी वंशिका (पुत्री साहिल), शौर्य (पुत्र साहिल), महेश (पुत्र रामचंद्र), पूनम (पुत्री जयभगवान), सुशील कुमार (पुत्र आनंद कुमार), कृष्ण कुमार (पुत्र रामेश्वर), सुमित्रा (पत्नी रामेश्वर), कमलेश (पत्नी रमेश कुमार), नेहा (पुत्री दिलबाग), विकास (पुत्र राम अवतार) और फूलपति (पत्नी मदन सिंह) के रूप में हुई है।
यात्रियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और टोल प्लाजा के पास पहुंचने पर भी ड्राइवर ने रफ्तार कम नहीं की। नियंत्रण बिगड़ने से बस बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे की सूचना एनसी मेडिकल कॉलेज स्टाफ द्वारा इसराना थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।