SDM ने गलत ले लिया MLA का नाम, मंत्री ने मंच पर ही लगा दी क्‍लास

पटेल जयंती कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने एसडीएम को विधायक का नाम गलत लेने पर फटकारा। एसडीएम ने सफाई दी कि नाम सही ही लिया था।

SDM ने गलत ले लिया MLA का नाम,  मंत्री ने मंच पर ही लगा दी क्‍लास

  • रेवाड़ी में कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने मंच से एसडीएम को फटकारा

  • कोसली विधायक का नाम गलत लेने पर नाराजगी, मंत्री बोले—जनप्रतिनिधियों का सम्मान जरूरी

  • एसडीएम ने सफाई दी—कहा, मैंने अनिल ही बोला था, सुनने में गलती हुई होगी



रेवाड़ी में रविवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर राव तुलाराम स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी दौरान केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने मंच पर ही रेवाड़ी के एसडीएम को फटकार लगा दी। आरोप है कि एसडीएम ने कोसली विधायक अनिल यादव का नाम गलती से ‘सुनील’ बोल दिया, जिस पर मंत्री भड़क गए।

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना जरूरी है और नाम की गलती स्वीकार्य नहीं। उन्होंने कहा कि हम सभी सिविल सर्वेंट हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों का मान-सम्मान करना बेहद आवश्यक है। यह सिर्फ मेरी बात नहीं, बल्कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट निर्देश है।

कार्यक्रम के दौरान राव इंद्रजीत सिंह ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। बाद में उन्होंने ‘रन फॉर यूनिटी’ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।

मामले पर रेवाड़ी के एसडीएम सुरेश ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने ‘अनिल’ नाम ही लिया था। उन्होंने कहा कि रिकॉर्डिंग देखी जा सकती है। कई बार सुनने में गलती हो जाती है, लेकिन सही नाम ही बोला गया था।

कार्यक्रम में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, कोसली विधायक अनिल यादव, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली, सुनील मुसेपुर और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।