समालखा के पूर्व विधायक रविंद्र मच्छरौली RLD में शामिल
समालखा विधानसभा से पूर्व विधायक रविंद्र मच्छरौली ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की मौजूदगी में राष्ट्रीय लोक दल की सदस्यता ग्रहण की है।
- समालखा के पूर्व विधायक रविंद्र मच्छरौली RLD में शामिल
- दिल्ली में जयंत चौधरी की मौजूदगी में ली सदस्यता
- 2014 में भाजपा लहर के बावजूद निर्दलीय जीत दर्ज की थी
पानीपत जिले की समालखा विधानसभा से पूर्व विधायक रविंद्र मच्छरौली ने गुरुवार को राष्ट्रीय लोक दल (RLD) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ दिल्ली में तुगलक रोड स्थित केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के सरकारी आवास पर दोपहर 3:30 बजे पार्टी जॉइन की।
रविंद्र मच्छरौली का राजनीतिक सफर मुख्य रूप से समालखा क्षेत्र तक सीमित रहा है। वह एक बार निर्दलीय विधायक चुने गए थे। मच्छरौली किसान परिवार से आते हैं और राजनीति में आने से पहले उनका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं था। वह पूर्व पुलिसकर्मी भी रह चुके हैं।
2014 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में मच्छरौली ने भाजपा लहर के बावजूद समालखा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी धर्म सिंह छौक्कर को 20,373 मतों से हराया था।
2024 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्हें 21,132 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहे। इस सीट से भाजपा के मनमोहन भड़ाना विजयी हुए थे।
रविंद्र मच्छरौली ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत क्षेत्र के गरीब मतदाताओं को स्वास्थ्य और शैक्षिक संस्थानों तक मुफ्त परिवहन सुविधा उपलब्ध कराकर की थी। बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के उन्होंने जमीनी स्तर पर काम कर समालखा की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।
Akhil Mahajan