MP रेखा शर्मा के खिलाफ थाने पहुंचे लोग:FIR दर्ज करने के लिए दी शिकायत; पूर्व सीएम पर टिप्पणी से खफा
फतेहाबाद में सांसद रेखा शर्मा के बयान के खिलाफ बिश्नोई समाज ने थाने पहुंचकर FIR की मांग की। पूर्व सीएम भजनलाल पर टिप्पणी से नाराजगी बढ़ी, माफी की मांग तेज।
➤ सांसद रेखा शर्मा के बयान पर भड़का बिश्नोई समाज, FIR की मांग
➤ फतेहाबाद थाने में पहुंचकर किया प्रदर्शन, दी लिखित शिकायत
➤ पूर्व सीएम भजनलाल पर टिप्पणी से आहत भावनाएं, माफी की मांग तेज
फतेहाबाद में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के खिलाफ विवाद गहराता जा रहा है। उनके एक बयान से नाराज होकर बिश्नोई समाज और अन्य बिरादरियों के लोग सदर थाना पहुंचे और सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस दौरान लोगों ने रोष प्रदर्शन भी किया और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, यह शिकायत गांव ढाणी छतरियां के धर्मपाल फोगाट के नाम से दी गई है, जिस पर कई गांवों के सरपंच और गणमान्य लोगों के हस्ताक्षर हैं। इनमें खाराखेड़ी के सरपंच बंसीलाल, खजूरी जाटी के सरपंच सीताराम, खासा पठाना के मांगेराम गोदारा समेत कई लोग शामिल हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि 24 अप्रैल को पंचकूला में नगर निगम चुनाव के दौरान हुई जनसभा में सांसद रेखा शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी भजनलाल को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनका कहना है कि इस बयान से खासतौर पर बिश्नोई समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में भारी रोष व्याप्त है।
शिकायत में कहा गया है कि सांसद का बयान निराधार और असत्य है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि स्व. भजनलाल का जीवन सार्वजनिक सेवा और नेतृत्व का उदाहरण रहा है। ऐसे में उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती।
वहीं, इस मामले में पहले ही अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा से जुड़े फतेहाबाद निवासी सुरेश काकड़ ने सांसद को लीगल नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि वे अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगें।
बताया जा रहा है कि सांसद रेखा शर्मा ने अपने भाषण में कहा था कि इस क्षेत्र में भजनलाल और उनके बेटे चंद्रमोहन की “बदमाशी” चलती थी और इसी आधार पर चुनाव जीते गए। इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद से ही विवाद बढ़ गया है और कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन भी लीगल नोटिस भेज चुके हैं।
अब इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई और सांसद की प्रतिक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
Akhil Mahajan