रेवाड़ी में पेट्रोल पंप पर खत्म हुआ तेल, ड्राइवरों को लौटाया गया पेट्रोल संकट से परेशान लोग

रेवाड़ी में एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार रात से पंप खाली है और शाम तक सप्लाई आने की उम्मीद जताई जा रही है।

रेवाड़ी में पेट्रोल पंप पर खत्म हुआ तेल, ड्राइवरों को लौटाया गया पेट्रोल संकट से परेशान लोग

■ रेवाड़ी में पेट्रोल पंप पर खत्म हुआ पेट्रोल, ड्राइवरों को लौटाया गया
■ सोमवार रात से ही खाली टैंक, शाम तक सप्लाई आने की उम्मीद
■ बाइक-स्कूटी चालकों को भारी परेशानी, कई लोगों ने वाहन धकेले


हरियाणा के रेवाड़ी शहर में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब बाईपास स्थित राजेश पायलट चौक के पास इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया। सोमवार रात से ही पंप के टैंक खाली हो चुके थे, जिसके चलते मंगलवार को पेट्रोल भरवाने पहुंचे वाहन चालकों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। पंप कर्मियों ने साफ तौर पर ड्राइवरों को बता दिया कि फिलहाल पेट्रोल उपलब्ध नहीं है और उन्हें अन्य पंपों का रुख करना होगा।स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब कई वाहन चालक बीच रास्ते में ही पेट्रोल खत्म होने के कारण फंस गए। गांव कौनसीवास निवासी जोगेंद्र ने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल पोसवाल चौक पर ही बंद हो गई थी, जिसके बाद वह काफी दूर तक बाइक को खींचते हुए इस पंप तक पहुंचे, लेकिन यहां भी पेट्रोल नहीं मिला।पेट्रोल पंप से वापस लौटते बाइक सवार। 

इसी तरह विजय नगर निवासी विकास कुमार स्कूटी में पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें भी खाली हाथ लौटना पड़ा और दूसरे पेट्रोल पंप पर जाना पड़ा।पंप कर्मियों के अनुसार फिलहाल डीजल की उपलब्धता बनी हुई है, लेकिन पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो चुका है। इसकी सूचना पंप मालिक को दे दी गई है और सप्लाई के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि शाम तक नई सप्लाई पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकेगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले ऐसी स्थिति कभी देखने को नहीं मिली, यहां तक कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव या युद्ध जैसे हालात के दौरान भी रेवाड़ी में पेट्रोल की इतनी किल्लत नहीं हुई थी। अचानक हुए इस संकट ने आम लोगों को परेशानी में डाल दिया है और शहर के अन्य पेट्रोल पंपों पर भी दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।