हरियाणा में RLD संगठन को नई रफ्तार, मछरौली को बड़ी जिम्मेदारी
हरियाणा में RLD संगठन को नई मजबूती मिली है। पानीपत में राष्ट्रीय संगठन महासचिव त्रिलोक त्यागी ने पूर्व विधायक रविंद्र मछरौली को प्रदेश संगठन की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी।
➤ हरियाणा में RLD संगठन को नई रफ्तार, रविंद्र मछरौली को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी
➤ पानीपत में राष्ट्रीय संगठन महासचिव त्रिलोक त्यागी ने नियुक्ति पत्र सौंपा
➤ BJP–RLD गठबंधन को लेकर हरियाणा की राजनीति में चर्चाएं तेज
हरियाणा में राष्ट्रीय लोकदल (RLD) संगठनात्मक तौर पर लगातार मजबूती की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव त्रिलोक त्यागी हरियाणा दौरे पर रहे। इस दौरान पानीपत जिले से पूर्व विधायक रविंद्र मछरौली को हरियाणा प्रदेश संगठन के लिए बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई।
यह नियुक्ति पानीपत जिले के गांव मछरौली स्थित रविंद्र मछरौली के फार्म हाउस पर विधिवत रूप से की गई। कार्यक्रम के दौरान त्रिलोक त्यागी ने स्वयं रविंद्र मछरौली को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महासचिव नरेंद्र छिक्कारा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले RLD के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी हरियाणा दौरे पर आए थे। उस दौरान वह भी पूर्व विधायक रविंद्र मछरौली के इसी फार्म हाउस पर लंच के लिए पहुंचे थे। तभी से राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज थी कि पार्टी में कोई बड़ा संगठनात्मक फैसला हो सकता है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस पूरी संगठनात्मक रणनीति के पीछे प्रदेश संगठन महासचिव नरेंद्र छिक्कारा की अहम भूमिका रही। इसके बाद रविंद्र मछरौली को संगठन की कमान सौंपी गई।
प्रेस वार्ता के दौरान त्रिलोक त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल इस समय देश के 14 राज्यों में सक्रिय रूप से काम कर रही है। हरियाणा में भी संगठन को तेज गति से तैयार किया जा रहा है। आने वाले समय में हर चुनाव में RLD की भागीदारी दिखाई देगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी महिला, युवा, किसान और मजदूर वर्ग को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की विचारधारा से जोड़ने का काम करेगी।
चौधरी चरण सिंह का नारा —
“देश की तरक्की का रास्ता खेत-खलियान से होकर गुजरता है”
आज भी RLD की राजनीति की बुनियाद है।
हरियाणा की राजनीति में इस घटनाक्रम के बाद चर्चाएं तेज हो गई हैं। केंद्र में RLD पहले से ही एनडीए का हिस्सा है और हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। ऐसे में आने वाले समय में हरियाणा में भी BJP–RLD गठबंधन की संभावनाओं के संकेत त्रिलोक त्यागी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिए।
त्रिलोक त्यागी ने कहा कि प्रदेश में अहम जिम्मेदारियों को रविंद्र मछरौली और नरेंद्र छिक्कारा मजबूती से निभा रहे हैं। संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर विशेष रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में 3 तारीख को गूहणा में महिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद रविंद्र मछरौली ने कहा कि RLD हरियाणा में बहुत तेजी से संगठन का विस्तार करेगी। अन्य राजनीतिक दलों के कई नेता उनके संपर्क में हैं, जो चौधरी चरण सिंह की विचारधारा से जुड़ना चाहते हैं। आने वाले समय में RLD हरियाणा में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विनय प्रधान (राष्ट्रीय महासचिव, प्रभारी – जम्मू एवं अवाम कश्मीर), नरेंद्र छिक्कारा
(प्रदेश महासचिव, हरियाणा), ओ.डी. त्यागी (प्रदेश सचिव, उत्तर प्रदेश), बाली शर्मा (प्रदेश अध्यक्ष, युवा मोर्चा – हरियाणा)
अमित आर.के (प्रदेश महासचिव, किसान प्रकोष्ठ – उत्तर प्रदेश), ख़ालिद (प्रदेश उपाध्यक्ष, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ), दिलप्रीत सिंह कोहली
(प्रदेश महासचिव, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ) मौजूद रहे।
Akhil Mahajan