डीजे फ्लोर पर नाचते - नाचते दूल्हे के पिता ने चला दी गोली, कैमरामैन काे लगी, हालत गंभीर
रोहतक में शादी समारोह की DJ नाइट के दौरान हर्ष फायरिंग में एक वीडियोग्राफर गंभीर घायल हो गया। गोली युवक की बाजू से होती हुई छाती तक पहुंच गई।
➤ डीजे नाइट में हर्ष फायरिंग बनी हादसे की वजह
➤ दूल्हे के पिता की गोली वीडियोग्राफर की छाती तक पहुंची
➤ रोहतक में शादी समारोह का VIDEO आया सामने
रोहतक में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग बड़ा हादसा बन गई। डीजे नाइट में दूल्हे के पिता द्वारा की गई फायरिंग में वीडियो शूट कर रहे एक वीडियोग्राफर को गोली लग गई। गोली युवक की बाजू को चीरते हुए छाती तक पहुंच गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल युवक की पहचान पानीपत के नूरवाला निवासी अंकित रोहिल्ला के रूप में हुई है। वह फ्री-हैंड वीडियोग्राफर के तौर पर शादी समारोह की शूटिंग करने रोहतक गया था। घटना के बाद पूरे समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार यह घटना 9 मई की रात रोहतक की चिन्योट कॉलोनी में हुई। यहां हैंडलूम कारोबारी लाजपत राय तागरा के घर शादी से पहले डीजे नाइट का कार्यक्रम चल रहा था। मॉडल टाउन स्थित फोटो स्टूडियो संचालक मधुर गिरधर अपने साथ वीडियोग्राफर अंकित को शूटिंग के लिए लेकर पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीजे फ्लोर पर करीब 8 लोग डांस कर रहे थे, जबकि आसपास 50 से ज्यादा मेहमान मौजूद थे। इसी दौरान कारोबारी लाजपत राय तागरा हाथ में पिस्टल लेकर डांस करने लगे। वीडियो में भी साफ दिखाई दे रहा है कि वह लंबे समय तक हवा में पिस्टल लहराते हुए नाचते रहे।
बताया गया कि रात करीब 9:31 बजे उन्होंने पहली बार फायरिंग की कोशिश की, लेकिन पिस्टल से गोली नहीं चली। इसके बाद भी उन्होंने पिस्टल को दोबारा लोड करने की कोशिश जारी रखी। करीब 10 मिनट बाद जैसे ही उन्होंने पिस्टल नीचे की ओर झुकाकर ट्रिगर दबाया, गोली चल गई और सामने खड़े वीडियोग्राफर अंकित की बाजू में जा लगी।
गोली लगते ही डीजे बंद हो गया और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत अंकित को संभाला और निजी अस्पताल पहुंचाया। शुरुआत में सभी को लगा कि गोली केवल बाजू में लगी है, लेकिन डॉक्टरों द्वारा किए गए एक्सरे में सामने आया कि गोली शरीर के अंदर जाकर छाती की तरफ पहुंच गई थी। बाद में ऑपरेशन कर गोली निकाली गई।
फिलहाल अंकित की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कारोबारी फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। मामले को लेकर जब मीडिया ने कारोबारी लाजपत राय तागरा का पक्ष जानने की कोशिश की, तो परिवार की ओर से बताया गया कि वह घर पर मौजूद नहीं हैं।
वहीं रोहतक के आर्य नगर थाना प्रभारी नरेश राठी ने बताया कि पुलिस के पास घटना का वीडियो और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। घायल अंकित अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों द्वारा फिट घोषित किए जाने के बाद उसके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan