साधुपुल में हादसा, 150 फीट खाई में गिरी कार; युवती की मौत

हिमाचल के सोलन जिले के साधुपुल में कार 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 24 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर घायल हुए।

साधुपुल में हादसा, 150 फीट खाई में गिरी कार; युवती की मौत

➤ साधुपुल के पास 150 फीट गहरी खाई में गिरी कार
➤ 24 वर्षीय युवती की मौत, माता-पिता समेत 4 गंभीर घायल
➤ कंडाघाट से IGMC शिमला रेफर, पुलिस जांच में जुटी


हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। साधुपुल के समीप दोची क्षेत्र में एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक 24 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता, मासी और नानी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार कार में कुल पांच लोग सवार थे और सभी साधुपुल की ओर जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे के आसपास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।

घायलों को तुरंत कंडाघाट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए IGMC शिमला रेफर कर दिया गया। हादसे में जान गंवाने वाली युवती की उम्र 24 साल बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक गाड़ी में माता-पिता, उनकी बेटी, सास और साली सवार थे। इनमें बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घायलों में से तीन लोग साधुपुल के समीप स्थित थोड़ा गांव के निवासी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए सोलन अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं घायलों का इलाज IGMC शिमला में जारी है।

फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या सड़क पर फिसलन की वजह से हुआ। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।