सोनीपत में लापता सफाई कर्मचारी का शव मिला, हाईवे किनारे संदिग्ध हालत में मिली लाश होली वाले दिन घर से निकला था विजय, 4 दिन बाद खेतों में मिला शव
सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में चार दिन से लापता नगर निगम के सफाई कर्मचारी विजय का शव एनएच-334बी के किनारे संदिग्ध हालत में मिला। गर्दन पर निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी है।
■ होली वाले दिन घर से निकले सफाई कर्मचारी की लाश मिली
■ सोनीपत-खरखौदा रोड पर हाईवे किनारे मिला शव, गर्दन पर मिले निशान
■ 4 मार्च से लापता था विजय, पुलिस हत्या के एंगल से कर रही जांच
सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में एक सफाई कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। चार दिन से लापता युवक का शव शनिवार को खरखौदा-सोनीपत रोड पर एनएच-334बी के किनारे मिला। मृतक की पहचान गांव ककरोई निवासी विजय (30) के रूप में हुई है, जो नगर निगम सोनीपत में पिछले करीब पांच वर्षों से कॉन्ट्रैक्ट आधार पर सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार विजय 4 मार्च को होली वाले दिन घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसे काफी जगह तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में परिजनों ने थाना खरखौदा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस भी तब से युवक की तलाश कर रही थी।
शनिवार को खरखौदा-सोनीपत रोड पर एनएच-334बी के किनारे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस और क्राइम यूनिट की टीम मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान शव की पहचान विजय के रूप में हुई। शव सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला, जिससे पुलिस को हत्या की आशंका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया है। टीम ने मौके से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं एसीपी राजदीप मोर भी मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जांच का जायजा लिया।
एसीपी राजदीप मोर ने बताया कि विजय 4 मार्च से लापता था और उसकी गुमशुदगी का मामला पहले ही दर्ज किया गया था। अब उसकी डेड बॉडी गांव झरोठी के खेतों के पास मिली है। शव की जांच में गर्दन के पीछे निशान मिले हैं और कूल्हे की खाल भी उखड़ी हुई पाई गई है, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) एनालिसिस के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि युवक किन लोगों के संपर्क में था और घटना के पीछे किसका हाथ हो सकता है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
shubham