जेल से छूटने के दो माह बाद हरियाणा के हिस्ट्रीशीटर की बेरहमी से हत्या

सोनीपत के गांव राजपुर में हिस्ट्रीशीटर शक्ति की तेजधार हथियारों से हत्या, आपसी रंजिश मानी जा रही वजह, पुलिस जांच में जुटी।

जेल से छूटने के दो माह बाद हरियाणा के हिस्ट्रीशीटर की बेरहमी से हत्या

सोनीपत के गांव राजपुर में हिस्ट्रीशीटर की हत्या से फैली सनसनी
➤ आपसी रंजिश में देर रात तेजधार हथियारों से हत्या
➤ मृतक शक्ति पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज

सुशील मोर 


हरियाणा के सोनिपत जिले के गांव राजपुर में बीती देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शक्ति की गांव के ही कई लोगों ने बेरहमी से तेजधार हथियारों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि यह घटना आपसी रंजिश का परिणाम है।

जानकारी के अनुसार, शक्ति करीब दो माह पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। उस पर पहले से हत्या और हत्या प्रयास जैसे कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। शक्ति का भाई पवित्र भी वर्तमान में नूहं जेल में बंद है।

गांव के लोगों का कहना है कि शक्ति का लंबे समय से कई गुटों से विवाद चल रहा था। देर रात गांव के ही कुछ लोगों ने घेरकर उस पर हमला कर दिया। तेजधार हथियारों से की गई इस बर्बर मारपीट में शक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात की सूचना मिलते ही सोनीपत पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस हत्याकांड की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शक्ति का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है और उसकी छवि गांव में खौफ पैदा करने वाली थी। इस हत्याकांड ने एक बार फिर ग्रामीणों को भयभीत कर दिया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।