सोनीपत STF ने एनकाउंटर में दबोचा इनामी बदमाश डाक्टर
सोनीपत STF ने खरखौदा में मुठभेड़ के बाद 5 हजार के इनामी बदमाश अनुज उर्फ डॉक्टर को गिरफ्तार किया। आरोपी रेवाड़ी में हत्या समेत कई मामलों में फरार था।
➤ सोनीपत STF ने मुठभेड़ के बाद 5 हजार के इनामी बदमाश अनुज उर्फ डॉक्टर को दबोचा
➤ पुलिस पर फायरिंग के जवाब में पैर में लगी गोली, देसी पिस्तौल बरामद
➤ रेवाड़ी में अपहरण के बाद हत्या समेत 6 संगीन मामलों में था फरार
हरियाणा में अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत सोनीपत पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। STF ने खरखौदा क्षेत्र में देर रात हुई मुठभेड़ के बाद 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश अनुज उर्फ डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
यह कार्रवाई STF इंस्पेक्टर योगेंद्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि रेवाड़ी का वांछित बदमाश खरखौदा इलाके में घूम रहा है। STF टीम ने जैसे ही प्रताप डेयरी के पास संदिग्ध को घेरने की कोशिश की, वह पुलिस को देखकर भागने लगा और फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाश की फायरिंग को देखते हुए आत्मरक्षा में एएसआई राजेंद्र ने आरोपी के पैरों की ओर दो राउंड फायर किए। गोली लगते ही आरोपी जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद STF टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के पास से अवैध देसी पिस्तौल भी बरामद की गई है।
घायल बदमाश को तुरंत खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रेवाड़ी के गांव गोकुलगढ़ निवासी अनुज उर्फ डॉक्टर के रूप में हुई है। आरोपी पर पुलिस पर जानलेवा हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में खरखौदा थाना में मामला दर्ज किया गया है।
रेवाड़ी पुलिस ने अनुज उर्फ डॉक्टर पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। उसके खिलाफ मर्डर, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और नशा तस्करी समेत 6 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 15 अक्तूबर 2025 को रेवाड़ी में अपहरण के बाद हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई थी। युवक अंकित को अगवा कर बेरहमी से पीटा गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि यह हत्या साजिश के तहत की गई थी, जिसमें अनुज उर्फ डॉक्टर की अहम भूमिका थी। इसी मामले के बाद से वह फरार चल रहा था।
रेवाड़ी पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हाल के दिनों में बदमाशों के खिलाफ लगातार एनकाउंटर और गिरफ्तारी की जा रही है। डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि कुछ और आरोपियों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
Akhil Mahajan