हरियाणा के सुजीत कलकल बने दुनिया के नंबर-वन पहलवान
चरखी दादरी के पहलवान सुजीत कलकल ने 65 किलो वर्ग में विश्व नंबर-वन रैंक हासिल की। लगातार 6 गोल्ड जीतकर उन्होंने ओलंपिक पदक की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
➤ हरियाणा के सुजीत कलकल बने दुनिया के नंबर-वन पहलवान
➤ 65 किलो वर्ग में लगातार शानदार प्रदर्शन, 6 गोल्ड मेडल जीतकर रचा इतिहास
➤ ओलंपिक पदक की उम्मीदें बढ़ीं, देशभर में खुशी की लहर
हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव इमलोटा के युवा पहलवान सुजीत कलकल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश का नाम रोशन किया है। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की ताजा रैंकिंग में वह दुनिया के नंबर-वन पहलवान बन गए हैं।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल दादरी बल्कि पूरे हरियाणा और देश में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और कुश्ती जगत से जुड़े लोगों ने इसे गर्व का क्षण बताया है।
65 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते हुए सुजीत ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कई बड़े और नामी अंतरराष्ट्रीय पहलवानों को मात देते हुए अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियनशिप समेत कई प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीते हैं।
उनकी सफलता का सिलसिला यहीं नहीं रुका। कोच और पिता दयानंद कलकल के अनुसार, सुजीत ने पिछले करीब एक साल में जिस भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया, वहां गोल्ड मेडल हासिल किया। उन्होंने लगातार 6 गोल्ड मेडल जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की है।
इनमें 2025 की सीनियर वर्ल्ड रैंकिंग में दो गोल्ड, अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड, वर्ल्ड सीनियर रैंकिंग चैंपियनशिप में दो गोल्ड और हाल ही में सीनियर एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड शामिल हैं।
सुजीत की तकनीक भी उनकी सफलता का बड़ा कारण मानी जा रही है। उनके प्रमुख दांव जैसे डबल लेग होल्ड, फीतले बांधना और भरंडाज उन्हें मैट पर बढ़त दिलाते हैं।
जिला कुश्ती संघ के सचिव योगेश इमलोटा ने कहा कि सुजीत का यह प्रदर्शन भारतीय कुश्ती के बढ़ते स्तर का प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि सुजीत इसी तरह प्रदर्शन करते रहे, तो आने वाले समय में वे ओलंपिक में पदक जीत सकते हैं।
सुजीत का नंबर-वन बनना सिर्फ उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उनकी इस उपलब्धि से युवा खिलाड़ियों को भी नई प्रेरणा मिलेगी।
Akhil Mahajan