कुरुक्षेत्र में ताऊ देवी लाल की प्रतिमा पर फेंका कीचड़, तनाव

कुरुक्षेत्र के पिपली स्थित ताऊ देवी लाल पार्क में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल की प्रतिमा पर कीचड़ फेंका गया। घटना के बाद JJP कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए प्रतिमा साफ की।

कुरुक्षेत्र में ताऊ देवी लाल की प्रतिमा पर फेंका कीचड़, तनाव
  • कुरुक्षेत्र में ताऊ देवी लाल की प्रतिमा पर फेंका गया कीचड़
  • घटना के बाद JJP कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी
  • प्रतिमा साफ कर विरोध जताया, कल बुलाई गई बैठक

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल की प्रतिमा पर कीचड़ फेंके जाने की घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। यह घटना पिपली स्थित ताऊ देवीलाल पार्क में सामने आई, जहां अज्ञात शरारती तत्वों ने प्रतिमा पर कीचड़ और गारे के लोथड़े फेंक दिए।

घटना की सूचना मिलते ही जननायक जनता पार्टी (JJP) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने तुरंत प्रतिमा को साफ किया और घटना पर कड़ा विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 7 बजे पार्टी नेताओं को इस घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्क में पहुंचे। मौके पर मौजूद नेताओं ने इसे सुनियोजित शरारत बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

JJP नेताओं का कहना है कि ताऊ देवी लाल केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि किसानों और गरीबों की आवाज थे। उनकी प्रतिमा के साथ इस तरह की हरकत करना पूरे प्रदेश की भावनाओं को आहत करने जैसा है।

कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा को पानी से साफ किया और वहां विरोध प्रदर्शन भी किया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई है।

पार्टी नेताओं ने बताया कि इस मामले को लेकर शनिवार को बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। साथ ही प्रशासन से मांग की जाएगी कि दोषियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाए।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी में जुटी है। घटना के पीछे किसका हाथ है, इसे लेकर जांच की जा रही है।