JJP नेता की गैस एजेंसी सील, रेड में खुली बड़ी गड़बड़ी; रिकॉर्ड-स्टॉक में अनियमितताएं

टोहाना में CM फ्लाइंग और फूड सप्लाई विभाग की रेड में स्टॉक-रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने पर JJP नेता से जुड़ी गैस एजेंसी को सील किया गया।

JJP नेता की गैस एजेंसी सील, रेड में खुली बड़ी गड़बड़ी; रिकॉर्ड-स्टॉक में अनियमितताएं

➤ टोहाना में JJP नेता से जुड़ी गैस एजेंसी पर रेड, तुरंत सील
➤ स्टॉक और रिकॉर्ड में बड़ी अनियमितताएं उजागर
➤ CM फ्लाइंग और फूड सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई


हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गैस एजेंसी को सील कर दिया। सीएम फ्लाइंग और फूड सप्लाई विभाग की संयुक्त टीम ने डांगरा रोड स्थित “रसोई गैस” एजेंसी पर छापेमारी की, जहां जांच के दौरान स्टॉक और रिकॉर्ड में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

यह कार्रवाई गुरुवार देर रात को की गई, जब विभाग को गैस सिलेंडर वितरण में गड़बड़ी और लापरवाही की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान एजेंसी के कर्मचारी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिससे अधिकारियों का संदेह और गहरा गया।

फूड सप्लाई विभाग के अधिकारी निर्दोष पूनिया के अनुसार, यह एजेंसी माया खोबड़ा के नाम से संचालित है। रेड के समय मौके पर हवासिंह भी मौजूद थे, जो कि जेजेपी से जुड़े नेता बताए जा रहे हैं और 2024 का विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं।

निरीक्षण के दौरान एजेंसी के गोदाम में 516 खाली गैस सिलेंडर, 17 भरे हुए सिलेंडर, 343 छोटे सिलेंडर और 51 कमर्शियल सिलेंडर पाए गए। रिकॉर्ड में गड़बड़ी और दस्तावेजों की कमी के चलते टीम ने तुरंत एजेंसी को सील कर दिया।

बताया जा रहा है कि यह एजेंसी पहले भी विवादों में रही है। कुछ दिन पहले वार्ड-2 निवासी सतपाल ने पीएमओ और सीएमओ को शिकायत भेजकर टोहाना की गैस एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जानबूझकर सरकार की छवि खराब की जा रही है।फिलहाल विभाग ने अपनी रिपोर्ट जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को भेज दी है। अब आगे की जांच के बाद एजेंसी संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है।