दिल्ली में शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस के कुछ घंटे बाद पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन के घर पर हमला, पेट्रोल बम फेंके
बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेट कप्तान शाकिब अल हसन के घर पर पेट्रोल बम फेंकने और तोड़फोड़ का दावा किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और किसी संगठन ने अभी तक जिम्मेदारी नहीं ली है।
➤ बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन के घर पर पेट्रोल बम और तोड़फोड़ का आरोप
➤ दिल्ली में शेख हसीना के कार्यक्रम में शामिल होने के कुछ घंटे बाद हुई घटना
➤ पुलिस जांच में जुटी, अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी
बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेट कप्तान और पूर्व सांसद शाकिब अल हसन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बुधवार रात उनके मगुरा स्थित घर पर अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंकने और तोड़फोड़ किए जाने की खबर सामने आई है। यह घटना उस समय हुई, जब कुछ घंटे पहले ही शाकिब नई दिल्ली में आयोजित पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑनलाइन शामिल हुए थे।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रात करीब 8:45 से 9:00 बजे के बीच कुछ लोगों ने शाकिब के घर पर हमला किया। हमलावरों ने कथित रूप से ईंटें फेंकी, खिड़कियां तोड़ीं और घर में आग लगाने की कोशिश की। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने क्या कहा?
मागुरा सदर थाना के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद अब्दुल्ला अल मामून के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है।
क्या शेख हसीना के कार्यक्रम से जुड़ा है मामला?
यह घटना उस दिन हुई जब नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में शेख हसीना ने संबोधन किया था और शाकिब अल हसन भी ऑनलाइन जुड़े थे। हालांकि बांग्लादेशी अधिकारियों ने अभी तक इस हमले को उस कार्यक्रम से जोड़ने की पुष्टि नहीं की है। किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी भी नहीं ली है।
पहले भी रहे हैं विवादों में
शाकिब अल हसन केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। वह मगुरा-1 सीट से सांसद रह चुके हैं। हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद वह लगातार चर्चा में बने हुए हैं।
Akhil Mahajan