अवैध संबंधों के शक में पत्नी की बेरहमी से हत्‍या

यमुनानगर में पति ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। 24 घंटे बाद खुद पुलिस को सूचना दी, आरोपी हिरासत में।

अवैध संबंधों के शक में पत्नी की बेरहमी से हत्‍या

यमुनानगर में पति ने पत्नी का गला दबाकर की हत्या
अवैध संबंधों के शक में रविवार रात हुआ था विवाद
करीब 24 घंटे बाद आरोपी ने खुद पुलिस को दी सूचना


हरियाणा के यमुनानगर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने खुद ही पुलिस को फोन कर इस घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों का शक करता था। इसी शक के चलते रविवार रात दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। गुस्से में आकर पति ने पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद महिला का शव करीब 24 घंटे तक घर में ही पड़ा रहा। इसके बाद सोमवार देर रात आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान नीलम (35) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली थी। उसने वर्ष 2013 में गाजीपुर निवासी संतोष के साथ लव मैरिज की थी। शादी के बाद उनके दो बेटे हुए, जिनकी उम्र करीब 8 और 6 साल है। परिवार पिछले आठ वर्षों से यमुनानगर के शादीपुर गांव में किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी संतोष पास की एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता है।

सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह के अनुसार, सोमवार रात करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर महिला का शव कमरे में पड़ा मिला। शव को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि रविवार रात झगड़े के दौरान उसने पत्नी का गला दबा दिया था।

सूत्रों के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी अपने दोनों बच्चों को घर से बाहर ले गया था और उनके साथ आत्महत्या करने की भी सोच रहा था। हालांकि, पूरा दिन बाहर रहने के बाद उसने अपना इरादा बदल लिया और पुलिस को सूचना दे दी। फिलहाल दोनों बच्चे पुलिस की निगरानी में हैं।

पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मामले की गहन जांच जारी है और हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।