पाकिस्तान की आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में यूटयूबर गिरफ्तार
हरियाणा के पलवल में पुलिस ने यूट्यूबर वसीम अकरम को पाकिस्तान की आईएसआई और पाक उच्चायोग के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपी के फोन से कई आपत्तिजनक चैट्स बरामद हुई हैं। पहले से गिरफ्तार तौफीक ने ही उसका नाम उजागर किया था।
➤ पलवल पुलिस ने यूट्यूबर वसीम अकरम को आईएसआई के लिए जासूसी के आरोप में किया गिरफ्तार
➤ पहले पकड़े गए आरोपी तौफीक की पूछताछ में सामने आया वसीम का नाम
➤ फोन से मिले आपत्तिजनक चैट्स साइबर सेल कर रही रिकवर आने वाले दिनों में और गिरफ्तारी की आशंका
हरियाणा पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाक उच्चायोग के लिए जासूसी करने के आरोप में एक और युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पलवल जिले के कोट गांव निवासी यूट्यूबर वसीम अकरम को हिरासत में लिया है। उसकी गिरफ्तारी पहले से जेल में बंद आरोपी आलीमेव गांव निवासी तौफीक से पूछताछ के बाद हुई है।
सीआईए पलवल प्रभारी पीएसआई दीपक गुलिया के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस के मुताबिक, वसीम पिछले तीन साल से पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में था और सिम कार्ड मुहैया कराने के साथ-साथ संवेदनशील जानकारी साझा कर रहा था।
वसीम एक यूट्यूब चैनल चलाता था, जिसमें वह मेवात के इतिहास पर वीडियो अपलोड करता था। इसके अलावा वह अपने पिता के अस्पताल में मदद भी करता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि उसके पाकिस्तान से रिश्तेदारी है और इसी कड़ी में वह वहां के एजेंटों से जुड़ा।
चार दिन पहले हथीन रोड से पकड़े गए आरोपी तौफीक से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वसीम भी 2021 से पाकिस्तानी एजेंट दानिश के संपर्क में आया। तौफीक ने बताया कि दोनों मिलकर इंटरनेट कॉल्स के जरिए आईएसआई और पाक उच्चायोग से संपर्क साधते थे। यही नहीं, वसीम ने दिल्ली जाकर एजेंटों को सिम कार्ड भी मुहैया कराया था।
एसपी वरुण सिंगला ने मामले की गहन जांच के लिए पलवल क्राइम ब्रांच को जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने बताया कि वसीम के मोबाइल फोन से आपत्तिजनक व्हाट्सएप चैट्स बरामद हुई हैं। कई चैट्स डिलीट की गई थीं, जिन्हें अब साइबर तकनीक की मदद से रिकवर किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। वसीम को अदालत से चार दिन के रिमांड पर लिया गया है, वहीं तौफीक को जेल भेजा जा चुका है। इंटेलिजेंस ब्यूरो भी इस पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहा है।
वहीं, वसीम के परिवार का कहना है कि वह कभी पाकिस्तान नहीं गया। हालांकि पुलिस के पास मौजूद सबूत उसकी सीमा पार संबंधों और संदिग्ध गतिविधियों की ओर इशारा कर रहे हैं।
Akhil Mahajan