हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने जारी किया डीएलएड रिजल्ट, 65% छात्र पास

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने डीएलएड परीक्षा परिणाम जारी किए। 23,628 में से 65% छात्र पास। रि-अपीयर परीक्षा फरवरी-मार्च 2026 में, आवेदन 5 दिसंबर से शुरू।

हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने जारी किया डीएलएड रिजल्ट, 65% छात्र पास


हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने डीएलएड रिजल्ट जारी किया
65 प्रतिशत छात्र पास, 23,628 छात्र-अध्यापक हुए शामिल
रि-अपीयर परीक्षा फरवरी-मार्च 2026 में, 5 दिसम्बर से आवेदन शुरू



हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने डीएलएड (Diploma in Elementary Education) परीक्षा के नतीजे जारी कर दिए हैं। बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार और उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि परीक्षा सितंबर-अक्टूबर 2025 में आयोजित हुई थी। इसमें 2022 से 2026 बैच तक के फ्रेश और री-अपीयर छात्र शामिल थे।

परिणाम बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध हैं। छात्र वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। परीक्षा में प्रदेशभर से कुल 23,628 छात्र-अध्यापक शामिल हुए, जिनमें लगभग 65 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण रहे।

बोर्ड के अनुसार प्रवेश वर्ष 2023-25 प्रथम वर्ष रि-अपीयर में 65.45 प्रतिशत पास हुए, जबकि प्रवेश वर्ष 2024-26 प्रथम वर्ष नियमित में 66.09 प्रतिशत पास हुए। वहीं 2020-22 मर्सी चांस की पास प्रतिशतता प्रथम वर्ष 80 व द्वितीय वर्ष 100 प्रतिशत रही।

रि-अपीयर छात्र-अध्यापकों की परीक्षाएं फरवरी-मार्च 2026 में कराई जाएंगी। इसकी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 दिसंबर से शुरू होगी, जिसे संबंधित संस्थान अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से पूरा करेंगे। रि-अपीयर शुल्क 800 रुपए प्रति विषय निर्धारित किया गया है और अधिकतम शुल्क 2000 रुपए होगा।

ऑनलाइन आवेदन बिना विलंब शुल्क के 5 दिसंबर से 19 दिसंबर तक होंगे। 20 दिसंबर से 26 दिसंबर 100 रुपए विलंब शुल्क, 27 दिसंबर से 2 जनवरी 300 रुपए विलंब शुल्क, और 3 जनवरी से 9 जनवरी 1000 रुपए विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा। निर्धारित समय के बाद आवेदन का अवसर नहीं दिया जाएगा।

नतीजों से असंतुष्ट छात्र 20 दिन के भीतर पुनर्मूल्यांकन या पुन: जांच के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।