हरियाणा में 2 दिन शीतलहर का यलो अलर्ट, 7 जिलों में बढ़ी ठंड
हरियाणा में अगले दो दिन शीतलहर का यलो अलर्ट जारी। राजस्थान से सटे 7 जिलों में तापमान में गिरावट, गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज।
-
हरियाणा में दो दिन शीतलहर का यलो अलर्ट जारी
-
राजस्थान से सटे 7 जिलों में तापमान में भारी गिरावट
-
6 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज
हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने ठंड को और बढ़ा दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 7 जिलों में अगले दो दिनों के लिए शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। ये जिले हैं — सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में दिन और रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और शाम के समय घनी धुंध छाने लगी है, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हो रही है।
हरियाणा के 6 प्रमुख शहरों — हिसार, गुरुग्राम, करनाल, सोनीपत, महेंद्रगढ़, नारनौल और सिरसा में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। गुरुग्राम में सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। इससे पहले रविवार को महेंद्रगढ़ का तापमान 7.6 डिग्री रहा था।
हिसार में धुंध और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को सुबह-सुबह ठिठुरन महसूस हुई। वहीं रेवाड़ी और चरखी दादरी में भी बर्फीली हवाएं चलने से ठंड बढ़ गई है।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में 13 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलती रहेंगी।
मौसम विभाग के अनुसार, दिन में तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन रातें ठंडी रहेंगी। दिन का तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। कुछ इलाकों में हल्के बादल भी देखने को मिल सकते हैं।
Author1