करनाल में STF की मुठभेड़: गोली लगने से दो शूटर घायल, फायरिंग में कांस्टेबल बाल-बाल बचा

करनाल के कुराली गांव के पास एसटीएफ और दो शूटरों के बीच मुठभेड़ में दोनों बदमाश घायल हो गए। सोनीपत के पहल न्यूट्रीशन फायरिंग कांड से जुड़े आरोपी आशीष और कपिल को गिरफ्तार कर लिया गया।

करनाल में STF की मुठभेड़: गोली लगने से दो शूटर घायल, फायरिंग में कांस्टेबल बाल-बाल बचा

करनाल में एसटीएफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो शूटरों के पैर में गोली, अस्पताल में भर्ती
सोनीपत फायरिंग कांड के आरोपी आशीष और कपिल गिरफ्तार

हरियाणा के करनाल जिले में मंगलवार देर शाम इंद्री रोड स्थित कुराली गांव के पास उस समय सनसनी फैल गई जब एसटीएफ और दो बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया। गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी करने पहुंची टीम पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों शूटर घायल हो गए, जबकि आरोपियों की तरफ से की गई फायरिंग में एक कांस्टेबल और अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान सोनीपत जिले के डोडवा गांव निवासी आशीष और कपिल के रूप में हुई है। दोनों को पैर में गोली लगी है और उनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक एक आरोपी को हड्डी के पास गोली लगी है, जिसकी रिकवरी में करीब दो माह का समय लग सकता है।

डीएसपी अमन कुमार ने बताया कि 27 फरवरी को सोनीपत के बहालगढ़ स्थित पहल न्यूट्रीशन शोरूम के बाहर फायरिंग की वारदात को इन्हीं आरोपियों ने अंजाम दिया था। घटना के बाद आरोपियों ने पिस्टल लहराते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसमें खुद को वारदात का जिम्मेदार बताया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने दो अन्य स्थानों पर भी फायरिंग की थी।

मंगलवार को एसटीएफ प्रभारी दीपेंद्र राणा की टीम को सूचना मिली कि दोनों शूटर करनाल क्षेत्र में मौजूद हैं और किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही टीम ने कुराली गांव के पास नहर किनारे घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने पकड़ने की कोशिश की, आरोपियों ने खुद को घिरता देख फायरिंग कर दी। जवाब में एसटीएफ ने नियंत्रित कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल बरामद की हैं। फिलहाल दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

सोनीपत फायरिंग कांड से जुड़ा है मामला

27 फरवरी को सोनीपत के बहालगढ़ स्थित पहल न्यूट्रीशन शोरूम पर तीन युवक बाइक पर पहुंचे थे। एक युवक अंदर गया और रिसेप्शन पर बैठे रितेश गर्ग को धमकाया। उसने फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। इसी दौरान बाहर खड़े दूसरे आरोपी ने शोरूम के शीशे पर गोली चला दी, जिससे कांच टूट गया। वारदात के बाद तीनों बाइक से फरार हो गए थे।

घटना के बाद वायरल वीडियो में आरोपियों ने धमकी भरे शब्द कहे थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है और आरोपियों के नेटवर्क की भी पड़ताल होगी।