सोनीपत में ड्यूटी के दौरान हेड कांस्टेबल देवी दयाल की सड़क हादसे में मौ*त
सोनीपत के कुंडली हाईवे पर ड्यूटी के दौरान हेड कांस्टेबल देवी दयाल की तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
सोनीपत में ड्यूटी के दौरान हेड कांस्टेबल देवी दयाल की दर्दनाक मौत
हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालते समय तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
आरोपी चालक फरार, CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस की तलाश जारी
सोनीपत के कुंडली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर ड्यूटी के दौरान हरियाणा पुलिस के हेड कांस्टेबल देवी दयाल की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह डायल-112 की ईआरवी (ERV) टीम के साथ शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार हाईवे पर बीच सड़क एक वाहन खड़ा था। यातायात सुचारु कराने और वाहन को हटवाने के लिए हेड कांस्टेबल देवी दयाल जैसे ही सरकारी गाड़ी से नीचे उतरे, तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
साथी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक के भाई अर्जुन, जो पानीपत के समालखा क्षेत्र के नामुंडा गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि देर रात करीब एक बजे पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और हादसे की सूचना दी। इसके बाद पूरा परिवार तुरंत अस्पताल पहुंचा, जहां उन्हें देवी दयाल की मौत की जानकारी मिली।
परिजनों के अनुसार देवी दयाल पिछले करीब 20 वर्षों से हरियाणा पुलिस में सेवाएं दे रहे थे। वह डायल-112 ईआरवी टीम में तैनात थे और अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करते थे।
देवी दयाल अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की असमय मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है।
कुंडली थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
pooja