पुलिस-बदमाश मुठभेड़: रिटोली ठेका फायरिंग का आरोपी ने ASI की छाती में मारी गोली, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान, आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली

रोहतक के सांपला क्षेत्र में सीआईए-1 और आरोपी के बीच मुठभेड़ में रिटोली शराब ठेका फायरिंग का आरोपी मोहन घायल हुआ। दोनों पैरों में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी।

पुलिस-बदमाश मुठभेड़: रिटोली ठेका फायरिंग का आरोपी ने ASI की छाती में मारी गोली, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान, आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली

➤ सांपला थाना क्षेत्र में अल सुबह मुठभेड़
➤ 7–8 राउंड फायरिंग, आरोपी घायल
➤ अस्पताल में भर्ती, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

रोहतक के सांपला थाना क्षेत्र में अल सुबह सीआईए-1 टीम और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे काबू कर इलाज के लिए सीएचसी सांपला में भर्ती कराया है। बताया गया है हमलावर ने एएसआई की छाती पर फायर किया। लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट ने जान बचाई।  

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि गांव रिटोली में शराब के ठेके पर हुई फायरिंग में शामिल आरोपी मोहन उर्फ मोनू पुत्र सुखपाल निवासी बागपत सांपला-बेरी रोड पर किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ने का प्रयास किया, तभी उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पैरों में गोली लगने के बाद लंगड़ाते हुए चल रहा बदमाश।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई। करीब 7 से 8 राउंड चले। इसी दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह गिर गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।

सीआईए-1 के मुताबिक, आरोपी पर रिटोली ठेका फायरिंग के अलावा भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।