हरियाणा में गैंगस्टर की 6 करोड़ की संपत्ति कुर्क
शामली में जिला प्रशासन और पुलिस ने गैंगस्टर इनाम उर्फ धुरी की 6 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क की। कैराना में मार्केट और आवासीय भवन सील, पत्नी का बैंक खाता भी फ्रीज किया।
➤शामली में 6 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क
➤कैराना में इनाम उर्फ धुरी की प्रॉपर्टी पर बड़ी कार्रवाई
➤जेल में बंद गैंगस्टर की पत्नी के 9 लाख रुपए के खाते को भी फ्रीज किया गया
शामली जिले में अपराधियों के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस की बड़ी कार्रवाई जारी है। गुरुवार को कैराना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आर्यपुरी में 6 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति कुर्क की गई है। यह संपत्ति इनाम उर्फ धुरी पुत्र अफज़ाल की है, जो इस समय मुज़फ्फरनगर जेल में बंद है। कुर्की से पहले प्रशासन ने मोहल्ले में डुगडुगी बजवाकर घोषणा की और कार्रवाई का ऐलान किया।
पुलिस और प्रशासन के अनुसार इनाम लंबे समय से अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसने बेहिसाब संपत्ति अर्जित की है। जांच रिपोर्ट जिले के अधिकारियों तक पहुंचने के बाद कार्रवाई की सिफारिश की गई। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने अवैध रूप से निर्मित मार्केट परिसर और आवासीय भवन को कुर्क किया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संबंधित संपत्तियों पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया और परिसर को सील कर दिया। इलाके में हुई इस बड़ी कार्रवाई की खबर मिलते ही मोहल्ले के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कुर्की की प्रक्रिया गुरुवार सुबह से शुरू होकर कई घंटों तक जारी रही और जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा।
अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि इनाम उर्फ धुरी एक शातिर अपराधी है, जो जानलेवा हमला और गैंगस्टर एक्ट में जेल में बंद है। जांच में सामने आया कि उसने अवैध कमाई से काफी संपत्ति इकट्ठी की। संपत्ति संबंधी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई थी। डीएम के आदेश के तहत एक आवासीय भवन, एक अन्य भवन में आठ दुकानें, और पत्नी के बैंक खाते में जमा 9 लाख रुपए फ्रीज किए गए। कुल मिलाकर 6 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति कुर्क की गई है।
Author1