शर्मनाक : स्कूल से घर लौट रही 12 साल की बच्ची से दरिंदगी, जांच में जुटी पुलिस
हरियाणा के करनाल से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाली खबर सामने आई है। मधुबन थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही एक 12 साल की मासूम बच्ची को एक अज्ञात युवक ने पिता के नाम का झांसा देकर अगवा किया और एक अधिकारी की कोठी के बाहर बने गार्ड रूम में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। घटना के बाद से बच्ची गहरे सदमे में है। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
➤ करनाल के मधुबन में 12 साल की स्कूली छात्रा से दरिंदगी
➤ पिता का नाम लेकर बहला-फुसलाकर अधिकारी की कोठी के गार्ड रूम में ले गया आरोपी
➤ पीड़िता के पिता की शिकायत पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
करनाल: हरियाणा के करनाल जिले के मधुबन थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 12 वर्षीय मासूम बच्ची को हवस का शिकार बनाया गया है। घटना उस समय की है जब बच्ची स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे एक शातिर युवक ने उसे अपने झांसे में लिया और एक सुनसान जगह पर ले जाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना के बाद से मासूम बच्ची बुरी तरह सहमी हुई है और मानसिक रूप से गंभीर आहत है। परिजनों को जब इस बात का पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, जिसके बाद तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि यह पूरी घटना 14 मई की दोपहर करीब 12 बजे की है। उनकी 12 साल की बेटी रोजाना की तरह स्कूल से घर लौट रही थी। जैसे ही वह मधुबन क्षेत्र में पहुंची, रास्ते में एक अज्ञात युवक ने उसे रोक लिया। आरोपी ने बड़ी चालाकी से बच्ची से कहा कि उसके पिता उसे बुला रहे हैं। इस पर मासूम बच्ची ने समझदारी दिखाते हुए आरोपी को टोकते हुए कहा कि उसके पिता तो पीपली में अपने काम पर गए हुए हैं। लेकिन आरोपी ने हार नहीं मानी और बच्ची को अपनी बातों के जाल में इस कदर बहकाया कि वह उसके साथ चलने के लिए तैयार हो गई।
गार्ड रूम में ले जाकर किया दुष्कर्म शिकायतकर्ता पिता के मुताबिक, आरोपी युवक मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर मधुबन इलाके में स्थित एक पार्क के पास ले गया। वहां एक अधिकारी की कोठी बनी हुई थी, जिसके बाहर बने गार्ड रूम में उस समय कोई नहीं था। आरोपी उसे जबरन उस सूने गार्ड रूम में ले गया और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। वहां आरोपी ने मासूम की एक न सुनी और उसके साथ जबरदस्ती करते हुए दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी ने बच्ची को किसी को भी कुछ न बताने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
घर पहुंचने पर बच्ची की हालत देखकर परिजनों को शक हुआ। बच्ची इतनी डरी और सहमी हुई थी कि वह कुछ भी बोल नहीं पा रही थी। जब परिजनों ने उसे ढांढस बंधाया और प्यार से पूछा तो उसने रोते हुए अपने साथ हुई इस खौफनाक आपबीती को बयां किया। मधुबन थाना पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पोक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बेहद गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी का सुराग लगाने के लिए घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
Akhil Mahajan