किसानों को कुर्बान कर दोस्ती निभा रही सरकार: AAP का हमला, अमेरिकी डील से खेती और महंगाई पर खतरा
पानीपत में AAP प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने भारत-अमेरिका डील को किसानों और आम जनता के खिलाफ बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
➤ अमेरिकी डील से कृषि बाजार विदेशी कंपनियों के लिए खोलने का आरोप
➤ वेनेजुएला से तेल आयात महंगाई बढ़ाने वाला फैसला बताया
➤ 140 करोड़ भारतीयों के हित गिरवी रखने का सरकार पर गंभीर आरोप
पानीपत में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने केंद्र सरकार और भारत-अमेरिका के बीच हुई हालिया डील को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया ट्वीट ने साफ कर दिया है कि भारत सरकार किसानों और आम जनता के हितों को ताक पर रखकर विदेशी ताकतों से दोस्ती निभा रही है। यह डील न केवल भारतीय खेती को कमजोर करेगी, बल्कि आने वाले समय में महंगाई को भी और बढ़ाएगी।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के ट्वीट में कृषि उत्पादों पर शुल्क शून्य किए जाने का संकेत मिलता है, जिसका सीधा अर्थ है कि भारत के कृषि बाजार को विदेशी कंपनियों के लिए खोल दिया गया है। इससे भारतीय किसान सस्ते विदेशी कृषि उत्पादों से मुकाबला नहीं कर पाएंगे और उनकी उपज के दाम और नीचे गिरेंगे। उन्होंने इसे किसानों की पीठ में छुरा घोंपने जैसा फैसला बताया और कहा कि सरकार ने खेती जैसे संवेदनशील क्षेत्र को बिना किसी सुरक्षा कवच के छोड़ दिया है।
उन्होंने डील के दूसरे पहलू पर सवाल उठाते हुए कहा कि वेनेजुएला से पेट्रोलियम पदार्थ आयात करने का फैसला भी आम जनता के लिए नुकसानदायक है। डॉ. गुप्ता के मुताबिक वेनेजुएला का कच्चा तेल अत्यधिक भारी होता है, जिसे रिफाइन करने में ज्यादा खर्च आता है। इसका सीधा असर पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों पर पड़ेगा और महंगाई और बढ़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर देश को महंगाई के रास्ते पर धकेल रही है।
डॉ. सुशील गुप्ता ने आरोप लगाया कि सरकार अपने दो उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए 140 करोड़ भारतीयों के हितों को गिरवी रख रही है। यह फैसला किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और आम उपभोक्ता सभी के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ऐसे फैसलों का सड़कों से लेकर सदन तक विरोध करेगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी आने वाले निकाय और नगर परिषद चुनाव अपने चुनाव चिन्ह पर पूरी मजबूती से लड़ेगी और जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देगी। इसके साथ ही उन्होंने हरियाणा की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और सरकार हालात पर काबू पाने में नाकाम साबित हो रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र अहलावत, प्रदेश महिला अध्यक्ष डॉ. रजनीश, लोकसभा करनाल अध्यक्ष अजय सिंगला, लोकसभा उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र जेसिया, जिला अध्यक्ष जसबीर जस्सा और जिला सचिव योगेश कौशिक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Akhil Mahajan