आम आदमी पार्टी संसदीय दल में टूट, राघव चड्ढा और संदीप पाठक समेत 7 दिग्गज थामेंगे बीजेपी का हाथ!
आम आदमी पार्टी में बड़ी फूट के दावे के बीच राघव चड्ढा समेत कई राज्यसभा सांसदों के BJP में शामिल होने की खबर से सियासी हलचल तेज हो गई है।
➤ आम आदमी पार्टी में अब तक का सबसे बड़ा विद्रोह
➤राघव चड्ढा समेत तीन राज्यसभा सांसद बीजेपी में होंगे शामिल
➤संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने भी छोड़ा साथ
➤ 'आप' के दो-तिहाई सांसदों के पाला बदलने का दावा
➤ पार्टी के मूल सिद्धांतों से समझौते और भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर दिग्गजों ने किया सामूहिक त्याग
आम आदमी पार्टी (AAP) के इतिहास में आज का दिन महा-विस्फोट के रूप में दर्ज हो गया है। पार्टी के संस्थापक सदस्य और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संगठन के स्तंभ संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने 'आप' को अलविदा कहकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामने का निर्णय लिया है। राघव चड्ढा ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर प्रहार करते हुए कहा कि जो दल भ्रष्टाचार मिटाने के नाम पर अस्तित्व में आया था, वह आज कंपरमाइज्ड लोगों के हाथों की कठपुतली बन गया है। राघव ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने इस पार्टी को अपने खून-पसीने से सींचा था, लेकिन पिछले एक साल से वे पार्टी की संदिग्ध गतिविधियों के कारण दूरी बनाए हुए थे।
विद्रोह की यह आग केवल यहीं तक सीमित नहीं है; दिग्गज क्रिकेटर हरभजन सिंह, स्वाति मालिवाल, विक्रम साहनी और राजेंद्र गुप्ता के भी बीजेपी में शामिल होने की खबर ने दिल्ली से लेकर पंजाब तक की सियासत में भूकंप ला दिया है। राघव चड्ढा ने दावा किया है कि 'आप' के दो-तिहाई सांसद बीजेपी के संपर्क में हैं। वहीं, संदीप पाठक ने भारी मन से कहा कि उन्होंने देश सेवा के लिए केजरीवाल को सर्वोपरि रखा था, लेकिन अब रास्ते अलग करना मजबूरी बन गया है। हाल ही में राज्यसभा में उपनेता बनाए गए अशोक मित्तल का राघव के साथ आना पार्टी के लिए सबसे बड़ा तकनीकी और राजनैतिक झटका माना जा रहा है, जिससे 'आप' के राष्ट्रीय स्तर के अस्तित्व पर ही संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
Akhil Mahajan