एक हाथ में तिरंगा झंडा और दूसरे हाथ में जनता के सवालों को लिए अकेले मुख्यमंत्री से मिलने निकले आप नेता देवेन्द्र गौतम को NH-44 से किया डिटेन!
आप नेता देवेंद्र गौतम ने जीएसटी सुधारों को गरीब और मध्यम वर्ग विरोधी बताया। भाजपा नेताओं पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
➤ आप नेता देवेंद्र गौतम का GST पर पलटवार, गरीबों के लिए मदद को बताया झूठा प्रचार
➤ कहा– GST की जटिलता और भ्रष्ट तंत्र ने गरीब और मध्यम वर्ग को और ज्यादा परेशान किया
➤ भाजपा नेताओं पर साधा निशाना, बोले– पार्टी सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट कम्पनी बनकर रह गई है
सुशील मोर
सोनीपत। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली द्वारा हाल ही में जीएसटी सुधारों को आमजन के लिए लाभकारी बताने वाले बयान पर आम आदमी पार्टी हरियाणा के लोकसभा अध्यक्ष एवं सोनीपत विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र गौतम ने तीखा हमला बोला है।
देवेंद्र गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार जीएसटी को गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए मददगार बताकर जनता की आंखों में धूल झोंक रही है, जबकि असलियत यह है कि जीएसटी ने छोटे व्यापारियों, मजदूरों और उपभोक्ताओं की कमर तोड़ दी है। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या दूध, दाल, आटा और दवाएं सस्ती हो गई हैं? क्या छोटे व्यापारी टैक्स के बोझ से मुक्त हो गए हैं?
गौतम ने आरोप लगाया कि जीएसटी की जटिलता और भ्रष्ट तंत्र ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की स्थिति यह हो गई है कि पहले वे जीएसटी लागू करने के फायदे गिनाते थे और अब स्लैब कम करने के फायदे बताने पर मजबूर हैं।
उन्होंने याद दिलाया कि जब जीएसटी लागू किया गया था, विपक्ष ने स्लैब्स को लेकर सुधार की मांग की थी, लेकिन भाजपा ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए उस समय कोई बात नहीं मानी। अब जनता की जेब खाली होने के बाद टैक्स दरें घटाने का दिखावा किया जा रहा है।
देवेंद्र गौतम ने भाजपा नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस को जनता को गुमराह करने का नया तरीका बताया। उन्होंने कहा कि अगर वास्तव में जीएसटी लाभकारी है, तो गरीब परिवार आज भी गैस सिलेंडर, बिजली बिल और बच्चों की पढ़ाई की फीस चुकाने के लिए क्यों जूझ रहे हैं?
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि भाजपा नेताओं को खोखले दावे करने की बजाय महंगाई पर नियंत्रण, भ्रष्टाचार पर रोक और आम जनता को राहत देने के ठोस कदम उठाने चाहिए।