पेंशन मुद्दे पर अभय चौटाला का सैनी सरकार पर हमला, बोले- चौधरी देवीलाल का सम्मान नहीं छीनने देंगे; 20 फरवरी को मनाएंगे विजय दिवस

रोहतक में अपने जन्मदिन कार्यक्रम में अभय सिंह चौटाला ने पेंशन कटौती के मुद्दे पर सैनी सरकार को घेरा। इनेलो ने 20 फरवरी को विजय दिवस मनाने की घोषणा की और कानून व्यवस्था पर भी सरकार को फेल बताया।

पेंशन कटौती पर अभय चौटाला ने सरकार को घेरा
20 फरवरी को इनेलो मनाएगी विजय दिवस
सरकार की नियत में खोट, CM मंत्रियों को रखें कंट्रोल में


रोहतक में अपने 63वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे अभय सिंह चौटाला ने एक बार फिर हरियाणा सरकार को बुजुर्गों की पेंशन के मुद्दे पर कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल द्वारा बुजुर्गों को दिया गया सम्मान किसी भी कीमत पर छीना नहीं जाने दिया जाएगा। इनेलो पार्टी ने सरकार को इस मामले में झुकने पर मजबूर किया है और यदि भविष्य में फिर से पेंशन को लेकर कोई गड़बड़ी की गई तो पार्टी सख्त कदम उठाएगी।

अभय चौटाला ने घोषणा की कि 20 फरवरी को इनेलो पार्टी प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर बुजुर्गों की कटी हुई पेंशन वापस दिलाने के उपलक्ष्य में विजय दिवस मनाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने दबाव में आकर फैसला बदला है और यह इनेलो की राजनीतिक लड़ाई का परिणाम है। चौटाला ने आरोप लगाया कि सरकार की नियत साफ नहीं है, इसलिए ऐसे फैसले लिए जाते हैं जिससे बुजुर्गों को परेशानी उठानी पड़ती है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री लगातार गलत बयानबाजी कर रहे हैं और उनकी जुबान बहुत लंबी हो चुकी है। मुख्यमंत्री को अपने मंत्रियों को नियंत्रण में रखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो इनेलो का कार्यकर्ता उन्हें सबक सिखाने से पीछे नहीं हटेगा।

विधानसभा की भूमिका पर टिप्पणी करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि बुढ़ापा पेंशन के मुद्दे पर इनेलो के दो विधायकों ने सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया, जबकि अन्य विपक्षी दल खामोश रहे। उनके मुताबिक असली विपक्ष की भूमिका इनेलो निभा रही है और कांग्रेस भाजपा के साथ मिली हुई है।

अपराध के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। चौटाला ने कहा कि हरियाणा में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने की बजाय उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि दो साल बीत जाने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होना सरकार की विफलता है। इस मुद्दे पर इनेलो जल्द ही संगठन की बैठक बुलाकर बड़ा फैसला लेगी।

रोहतक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने अभय चौटाला का जन्मदिन मनाया, लेकिन मंच से उनका मुख्य निशाना पेंशन और कानून व्यवस्था को लेकर सैनी सरकार ही रही।