गैंगस्टर पवन मूसा का Encounter,सीआईए के साथ मुठभेड़, पैर में गोली
हिसार में कुख्यात गैंगस्टर पवन मूसा पुलिस मुठभेड़ में घायल। पीरावाली फ्लाइओवर के पास CIA-1 की टीम से फायरिंग के बाद पैर में गोली लगी। 35 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित था।
➤ पीरावाली फ्लाइओवर के पास CIA-1 और पवन मूसा के बीच मुठभेड़
➤ पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
➤ हत्या लूट डकैती समेत 35 से ज्यादा मुकदमे दर्ज
हरियाणा के हिसार जिले में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब कुख्यात गैंगस्टर पवन उर्फ मूसा और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना पीरावाली फ्लाइओवर के पास की है, जहां CIA-1 की टीम को सूचना मिली थी कि मूसा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में पहुंच सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जैसे ही मूसा पीरावाली की तरफ बढ़ा, टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। उसने CIA के PSI नवीन को निशाना बनाते हुए गोली चलाई। अचानक हुई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने संयम रखते हुए जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान चली गोली मूसा के पैर में जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे काबू में लेकर तुरंत हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व PSI कर्ण कर रहे थे। मामले की पुष्टि करते हुए DSP कर्मजीत ने बताया कि पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि पवन उर्फ मूसा फ्लाइओवर के पास आने वाला है। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे घेरा तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और वह घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि पवन मूसा हांसी जिले के नारनौंद उपमंडल के गांव मोठ का रहने वाला है। उस पर हत्या, लूट, डकैती सहित 35 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से वह पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था और कई मामलों में वांछित था। इस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
Akhil Mahajan