ACB ने रिश्वतखोर को किया गिरफ्तार, भूमि बंटवारे में रिश्वत का खेल उजागर

हरियाणा ACB करनाल रेंज ने ‘पीछा करो’ अभियान के तहत भूमि बंटवारे के नक्शा-बे के नाम पर रिश्वत लेने के मामले में निजी व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

ACB ने रिश्वतखोर को किया गिरफ्तार, भूमि बंटवारे में रिश्वत का खेल उजागर
  • ACB करनाल रेंज की बड़ी कार्रवाई, निजी व्यक्ति रिश्वत लेते गिरफ्तार
  • भूमि बंटवारे के नक्शा-बे के नाम पर 25 हजार की मांग
  • ‘पीछा करो’ अभियान के तहत भ्रष्टाचार पर कसा शिकंजा


हरियाणा में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल रेंज ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘पीछा करो’ के तहत एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई में रिश्वत लेने के मामले में संलिप्त एक निजी व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान नेहरू पुत्र जिले सिंह, निवासी पिल्लुखेड़ा, जिला जींद के रूप में हुई है।

एसीबी को दी गई शिकायत के अनुसार वर्ष 2021 में शिकायतकर्ता ने अपनी कृषि भूमि के बंटवारे के लिए नायब तहसीलदार पिल्लुखेड़ा के समक्ष आवेदन किया था। इस प्रक्रिया के तहत नक्शा-बे तैयार किया जाना था। आरोप है कि इस कार्य के एवज में तत्कालीन कानूनगो सुरेश ने 25 हजार रुपए की अवैध रिश्वत की मांग की।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, कानूनगो ने यह राशि सीधे न लेकर अपने करीबी नेहरू के माध्यम से लेने की बात कही। इसी शिकायत के आधार पर एसीबी ने जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर निजी व्यक्ति नेहरू को रिश्वत मामले में गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि किसी सरकारी अधिकारी की भूमिका स्पष्ट होती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने साफ किया है कि ‘पीछा करो’ अभियान के तहत रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह सरकारी कर्मचारी हो या निजी व्यक्ति।