'पापा कर्जे में हैं...', जब एक बच्ची ने अक्षय कुमार के छुए पैर, मांगी मदद; ताे जाने फिर क्या बोले खिलाड़ी कुमार?

BMC चुनाव के दौरान अक्षय कुमार का वीडियो वायरल। बच्ची की मदद की गुहार सुन अभिनेता ने बॉडीगार्ड को सहायता के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ।

  • वोट डालने पहुंचे अक्षय कुमार से बच्ची ने मांगी मदद
  • कर्ज में फंसे पिता की कहानी सुन अभिनेता ने दिखाई संवेदनशीलता
  • सोशल मीडिया पर अक्षय कुमार की दरियादिली की जमकर तारीफ


बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार एक बार फिर अपनी दरियादिली को लेकर चर्चा में हैं। कई बार सेलिब्रिटीज सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं होते, बल्कि जरूरतमंदों के लिए उम्मीद की किरण भी बन जाते हैं। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अक्षय कुमार एक बच्ची की मदद करते नजर आ रहे हैं।

दरअसल, 15 जनवरी 2026 को मुंबई में BMC चुनाव के लिए वोटिंग हो रही थी। अक्षय कुमार भी वोट डालने के लिए अपने घर से निकले थे। वोटिंग बूथ पर उन्होंने पैपराजी से बातचीत की और नागरिकों से वोट डालने की अपील की। इसी दौरान जब वह वोट डालकर वापस लौट रहे थे, तभी एक बच्ची उनके पास पहुंची और मदद की गुहार लगाने लगी।

वायरल वीडियो में बच्ची अक्षय कुमार से कहती है कि उसके पिता भारी कर्ज में डूबे हुए हैं और परिवार को मदद की जरूरत है। इस दौरान सुरक्षा कर्मी उन्हें आगे बढ़ने को कहते नजर आते हैं, लेकिन अक्षय कुमार बच्ची की बात सुनते हैं। वह अपने बॉडीगार्ड से बच्ची की पूरी जानकारी लेने और उसकी मदद करने को कहते हैं। जाते-जाते भी वह गार्ड को बच्ची की सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश देते नजर आते हैं।

वीडियो में बच्ची अक्षय कुमार के पैर छूती हुई भी दिखाई देती है। अभिनेता का यह व्यवहार सोशल मीडिया यूजर्स को काफी प्रभावित कर रहा है। लोग इसे असली हीरोगीरी बता रहे हैं।

जैसे ही यह वीडियो सामने आया, फैंस ने अक्षय कुमार की जमकर तारीफ की। किसी ने उनके दिल को साफ बताया, तो किसी ने उनकी लंबी उम्र की कामना की। कई यूजर्स का कहना है कि पर्दे के हीरो से ज्यादा जरूरी असल जिंदगी में किसी के काम आना है।