नशे में पुलिसकर्मी की कार से कुचली गई 24 वर्षीय निकिता, अस्पताल में हंगामा
अंबाला कैंट में देर रात पुलिसकर्मी की कार से ई-रिक्शा को टक्कर लगने से 24 वर्षीय निकिता बजाज की मौत हो गई। परिजनों ने नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
➤ तेज रफ्तार कार से ई-रिक्शा को टक्कर, युवती की मौत
➤ नशे में कार चलाने का आरोप, पुलिसकर्मी हिरासत में
➤ अस्पताल में परिजनों का हंगामा, निष्पक्ष मेडिकल जांच की मांग
हरियाणा के अंबाला कैंट में बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में 24 साल की युवती की मौत हो गई है। आरोप है कि पुलिस कर्मी ने नशे में धुत्त होकर कार ईरिक्शा को मार दी, जिसमें सवार 24 वर्षीय निकिता बजाज की मौके पर गंभीर चोटें आईं और बाद में ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि कार बलदेव नगर चौकी के ईएचसी अमित कुमार चला रहे थे और वह नशे की हालत में थे। घटना के बाद लोगों ने आरोपी पुलिसकर्मी को पकड़कर पिटाई की। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, निकिता अपने भाई के साथ कैंट रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा में सवार होकर घर लौट रही थी। वह गुरुग्राम से अंबाला एक पारिवारिक शादी में शामिल होने आई थी। इसी दौरान कैंट से सिटी की ओर जा रही एक हुंडई वरना कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निकिता सड़क पर गिर गईं और कार का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। ई-रिक्शा में सवार अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि कार चला रहा पुलिसकर्मी नशे में था।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने आरोपी पुलिसकर्मी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने निकिता और आरोपी को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने निकिता को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को दबाने और आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है। उनका कहना है कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराया जाए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने ट्रामा सेंटर के गेट बंद कर दिए और अतिरिक्त बल तैनात कर दिया। मीडिया की एंट्री भी कुछ समय के लिए रोक दी गई।
निकिता अंबाला की रहने वाली थी और गुरुग्राम में नौकरी करती थी। परिवार में शादी के चलते खुशी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सबकुछ मातम में बदल दिया। अस्पताल में परिजनों का विलाप देख हर कोई भावुक हो उठा।
लालकुर्ती चौकी इंचार्ज राजेंद्र ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी अमित कुमार को हिरासत में ले लिया गया है और परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि जिस कार से हादसा हुआ, उसका इंश्योरेंस मार्च 2024 में ही समाप्त हो चुका था। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan