₹50 के पेट्रोल पर बवाल: पेट्रोल पंप पर लाठी-डंडे चले, VIDEO वायरल
फरीदाबाद के एनआईटी-5 स्थित पेट्रोल पंप पर ₹150 और ₹200 के पेट्रोल को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और घटना का वीडियो वायरल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
➤ ₹150 या ₹200 के पेट्रोल को लेकर शुरू हुआ विवाद, देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदला
➤ पेट्रोल पंप कर्मचारियों और ग्राहक पक्ष के बीच लाठी-डंडे चले, कई लोग घायल
➤ दोनों पक्षों ने लगाए एक-दूसरे पर आरोप, वायरल VIDEO की जांच में जुटी पुलिस
फरीदाबाद के एनआईटी-5 स्थित बहादुर चौक के पास भारत पेट्रोलियम के एक पेट्रोल पंप पर महज ₹50 के पेट्रोल के अंतर को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि ₹150 और ₹200 का पेट्रोल भरवाने को लेकर हुई बहस के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लाठी-डंडे चले, कई लोग घायल हुए और पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जानकारी के मुताबिक गांधी कॉलोनी निवासी निखिल अपनी स्कूटी में पेट्रोल भरवाने पेट्रोल पंप पहुंचा था। महिला कर्मचारी ने स्कूटी में ₹150 का पेट्रोल भर दिया। निखिल का कहना था कि उसने ₹200 का पेट्रोल भरवाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बहस से शुरू हुआ विवाद, फिर चलीं लाठियां
महिला कर्मचारी का कहना है कि ग्राहक ने ₹150 का ही पेट्रोल भरवाने के लिए कहा था। उसने मशीन की पर्ची दिखाकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश भी की, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया। शोर सुनकर कर्मचारी इंद्रजीत और नितिन बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन मामला शांत होने के बजाय और उग्र हो गया।
कर्मचारियों का आरोप- परिजन बुलाकर किया हमला
पेट्रोल पंप कर्मचारियों का आरोप है कि निखिल ने अपने पिता और भाई को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि दोनों डंडे लेकर पहुंचे और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। कर्मचारियों के अनुसार निखिल ने अपने भाई से डंडा लेकर कर्मचारी इंद्रजीत के सिर पर वार किया, जबकि बीच-बचाव कर रहे नितिन के साथ भी हाथापाई हुई।
दूसरी ओर ग्राहक पक्ष का दावा
दूसरी ओर निखिल का कहना है कि उसने ₹200 का पेट्रोल भरवाने के लिए कहा था, लेकिन ₹150 का पेट्रोल डाला गया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और हाथापाई दोनों पक्षों की ओर से हुई।
महिला कर्मचारी पूनम का कहना है कि यदि कोई गलतफहमी हुई थी तो उन्होंने माफी भी मांगी और हाथ जोड़कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर एनआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी महाबीर कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan