कांग्रेस प्रोटेस्ट, हरियाणा में PM मोदी के पुतले को चप्पलों से पीटा

राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में हरियाणा कांग्रेस ने कई जिलों में प्रदर्शन किया। यमुनानगर में PM मोदी का पुतला फूंका गया, भिवानी में पुलिस से धक्का-मुक्की हुई और पंचकूला में BJP कार्यालय घेरने का ऐलान किया गया।

कांग्रेस प्रोटेस्ट, हरियाणा में PM मोदी के पुतले को चप्पलों से पीटा

यमुनानगर में PM मोदी का पुतला फूंका, लाठी-चप्पलों से किया विरोध

भिवानी में कांग्रेसियों और पुलिस के बीच गेट पर धक्का-मुक्की

पंचकूला में शाम 5 बजे BJP कार्यालय घेरने का ऐलान


राहुल गांधी की गिरफ्तारी और दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई के विरोध में हरियाणा कांग्रेस ने बुधवार को राज्यभर में प्रदर्शन तेज कर दिया। यमुनानगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले को लाठी-चप्पलों से पीटकर आग के हवाले किया गया, जबकि भिवानी में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की देखने को मिली। अब कांग्रेस ने शाम 5 बजे पंचकूला में बीजेपी कार्यालय घेरने का ऐलान किया है।

हरियाणा कांग्रेस ने बुधवार को राहुल गांधी की गिरफ्तारी और दिल्ली के जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में राज्यभर में धरना-प्रदर्शन किया। कई जिलों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपे।

यमुनानगर में प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले को पहले लाठी और चप्पलों से पीटा और फिर उसमें आग लगा दी। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भिवानी में पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

भिवानी में कांग्रेस नेता जब डीसी कार्यालय पहुंचे तो पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें गेट पर ही रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और कांग्रेसियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी करते भी नजर आए।

हिसार में फिर सामने आई गुटबाजी

हिसार में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान भी खुलकर सामने आई। शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग और ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल अलग-अलग समय पर ज्ञापन देने पहुंचे। इससे दोनों गुटों के बीच मतभेद एक बार फिर चर्चा का विषय बन गए।

कई जिलों में प्रदर्शन

पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद सहित अन्य जिलों में भी कांग्रेस और विभिन्न छात्र संगठनों ने धरना, प्रदर्शन और पैदल मार्च निकाला। फतेहाबाद में छात्रों के समर्थन में विभिन्न संगठनों ने मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई।

शाम 5 बजे BJP कार्यालय घेरने की तैयारी

कांग्रेस ने ऐलान किया है कि शाम 5 बजे पंचकूला स्थित बीजेपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही।

मंगलवार रात भी किया था मार्च

इससे पहले मंगलवार रात प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक और नेता पार्टी कार्यालय से हरियाणा लोकभवन की ओर पैदल मार्च पर निकले थे। हालांकि पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही हिरासत में लेकर सेक्टर-17 थाने पहुंचाया था। करीब एक घंटे बाद सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया।