हरियाणा के बराड़ा में बाइक सवारों से 2 किलो RDX बरामद, STF ने तीन दबोचे, पूरा इलाका सील
हरियाणा के अंबाला जिले के बराड़ा में करीब दो किलो संदिग्ध RDX बरामद हुआ है। STF ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए बाइक सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और बम स्क्वायड मौके पर पहुंच गया है।
■ अंबाला के बराड़ा में करीब 2 किलो संदिग्ध RDX बरामद
■ STF की कार्रवाई में बाइक सवार 3 आरोपी गिरफ्तार
■ मौके पर बम स्क्वायड पहुंचा, बराड़ा रोड पूरी तरह बंद
हरियाणा के अंबाला जिले में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब बराड़ा क्षेत्र में करीब दो किलो संदिग्ध विस्फोटक सामग्री (RDX) मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा के लिहाज से बराड़ा रोड को पूरी तरह बंद कर दिया गया और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बरामद विस्फोटक की मात्रा करीब एक किलो 975 ग्राम बताई जा रही है। इसे फिलहाल प्रथम दृष्टया RDX माना जा रहा है। पुलिस और बम स्क्वायड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सामग्री को अपने कब्जे में लिया और सुरक्षा मानकों के तहत उसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की।
STF को मिली थी गुप्त सूचना
बताया जा रहा है कि STF के अधिकारी प्रदीप कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन लोग विस्फोटक सामग्री लेकर अंबाला की ओर आने वाले हैं। इसी सूचना के आधार पर STF ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बराड़ा रोड पर नाकाबंदी कर दी।
कुछ देर बाद पुलिस ने एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को रोका, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
अलग-अलग राज्यों के बताए जा रहे आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक अंबाला के गांव कंबासी का निवासी, जबकि अन्य दो आरोपी राजस्थान के अजमेर और उत्तर प्रदेश के मेरठ के बताए जा रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये लोग विस्फोटक सामग्री कहां से लाए और इसका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बराड़ा रोड को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और पुलिस लगातार तलाशी अभियान चला रही है। बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की जांच में जुट गई हैं।
जनवरी में भी हुआ था विस्फोट का मामला
गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी महीने में अंबाला के बलदेव नगर थाना परिसर में खड़ी एक कार में दो बार धमाके हुए थे। उस समय कार में तीन LPG सिलेंडर मिले थे, जिन पर रेगुलेटर लगे हुए थे।
उस मामले में पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। उस घटना के बाद भी सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सघन जांच अभियान चलाया था।
अंबाला में एक बार फिर विस्फोटक सामग्री मिलने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क और संभावित साजिश की गहराई से जांच कर रही है।
Akhil Mahajan