समानांतर भाजपा चल रही , वाले Tweet पर जानें क्‍या बोले बड़ौली

हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर कहा कि अंबाला छावनी में कुछ लोग समानांतर भाजपा चला रहे हैं और उन्हें ऊपर वालों का आशीर्वाद प्राप्त है। इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने कहा कि विज वरिष्ठ नेता हैं और अपनी बात रखने के लिए स्वतंत्र हैं।

समानांतर भाजपा चल रही , वाले Tweet पर जानें क्‍या बोले बड़ौली
  • अनिल विज ने ट्वीट कर कहा- कुछ लोग समानांतर भाजपा चला रहे हैं
  • हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने दिया जवाब
  • विज के तेवर से सियासत में बढ़ा सस्पेंस

हरियाणा की राजनीति में शुक्रवार रात फिर हलचल मच गई, जब प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री अनिल विज ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर सनसनी फैला दी। विज ने लिखा कि अंबाला छावनी में कुछ लोग समानांतर भाजपा चला रहे हैं और उन्हें ऊपर वालों का आशीर्वाद भी प्राप्त है, जिससे पार्टी को नुकसान हो रहा है। उन्होंने साथ ही यह भी पूछा – अब हम क्या करें? नीचे कमेंट करें।

विज का यह ट्वीट सीधे तौर पर भाजपा संगठन की अंदरूनी खींचतान की ओर इशारा करता नजर आया। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने कहा – अनिल विज वरिष्ठ नेता हैं। वे अपनी बात खुलकर रखते हैं और सोशल मीडिया पर जो चाहें लिख सकते हैं। इसमें कुछ असामान्य नहीं है।

बडौली ने हालांकि ट्वीट के निहितार्थ पर सीधा जवाब नहीं दिया और टकराव के संकेतों को टालने की कोशिश की। लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर हलचल बढ़ गई है कि विज आखिर किसके ऊपर निशाना साध रहे हैं और “ऊपर वालों” से उनका क्या आशय है।

गौरतलब है कि विज अक्सर अपने तेवरदार बयानों और ट्वीट्स के चलते चर्चा में रहते हैं। भाजपा में उनकी छवि “बागी तेवर वाले नेता” की रही है। इस बार भी उनका ट्वीट पार्टी के अंदर गुटबाजी के संकेत दे रहा है।

पार्टी के अंदरखाने में लंबे समय से यह चर्चा है कि विज को अंबाला और आसपास के क्षेत्र में अपने प्रभाव को लेकर लगातार चुनौती मिल रही है। बडौली का बयान भी यही दर्शाता है कि संगठन खुलकर टकराव से बचना चाहता है। आने वाले दिनों में इस ट्वीट का असर प्रदेश की राजनीति में और गहराने की संभावना है।